
गिरवी रखने का झांसा देकर बेची गाड़ी, रकम मांगने पर थमाया फर्जी चेक
KPN24.com जांजगीर-चांपा 19 जून 2026
थाना चांपा पुलिस ने फॉर्च्यूनर वाहन के नाम पर 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले फरार आरोपी विवेक डडसेना को सायबर तकनीकी की सहायता से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर लगातार ठिकाने बदल रहा था।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी को उसके निवास क्षेत्र से हिरासत में लेकर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
प्रार्थी चंद्रप्रकाश जायसवाल, निवासी सर्वमंगला नगर, दुरपा (कोरबा) ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2024 में आरोपी विवेक डडसेना ने फॉर्च्यूनर वाहन क्रमांक CG 11 BN 1748 को गिरवी रखने अथवा बिक्री करने के नाम पर उससे 20 लाख रुपये प्राप्त किए थे।
आरोपी ने विश्वास में लेकर सौदा किया, लेकिन बाद में उसी वाहन को किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया। जब प्रार्थी ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने फर्जी चेक दे दिया। चेक बाउंस होने पर पूरे धोखाधड़ी कांड का खुलासा हुआ।
सायबर तकनीकी से मिली सफलता
मामले में अपराध क्रमांक 267/26 धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। आरोपी लगातार फरार था, लेकिन पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और सायबर तकनीकी की मदद से उसका पता लगाकर गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी से बरामद हुए अहम साक्ष्य
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से चेकबुक और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस की जनता से अपील
वाहन खरीदी-बिक्री अथवा गिरवी संबंधी किसी भी बड़े लेन-देन से पहले वाहन के दस्तावेजों और स्वामित्व की पूरी जांच अवश्य करें। बड़ी रकम का भुगतान बैंकिंग माध्यमों से करें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, सउनि भुवनेश्वर राठौर, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, आरक्षक श्याम राठौर, प्रकाश द्विवेदी एवं थाना बिर्रा स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।










