
KPN24.com सक्ती मालखरौदा 19 जून 2026
सक्ती जिले के विकासखण्ड मालखरौदा के मिशन चौक निवासी सुश्री शिखा त्रिवेदी ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय, कोटा (बिलासपुर) से समाजशास्त्र विषय में पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त की है। उनकी इस सफलता से परिवार, क्षेत्र और शुभचिंतकों में हर्ष का वातावरण है।
शिखा त्रिवेदी ने अपना शोधकार्य डॉ. रीना तिवारी के मार्गदर्शन में “महिला पुलिस की भूमिका एवं चुनौतियाँ : एक समाजशास्त्रीय अध्ययन (बिलासपुर संभाग के विशेष संदर्भ में)” विषय पर सफलतापूर्वक पूर्ण किया। यह शोध महिला पुलिस कर्मियों की कार्यप्रणाली, सामाजिक भूमिका तथा उनके समक्ष आने वाली चुनौतियों पर आधारित महत्वपूर्ण अध्ययन माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि शिखा त्रिवेदी राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट) भी उत्तीर्ण कर चुकी हैं तथा वर्तमान में जेपी वर्मा महाविद्यालय, बिलासपुर में कार्यरत हैं। उनकी यह उपलब्धि युवा शोधार्थियों और छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत मानी जा रही है।
इस गौरवपूर्ण सफलता पर उनकी माता श्रीमती सविता त्रिवेदी, पिता शैल कुमार त्रिवेदी, बहन शिल्पी त्रिवेदी, नाना के. दुबे, नानी श्रीमती सहोद्रा दुबे, मामा-मामी, मौसी-मौसा सहित समस्त परिवारजनों, गुरुजनों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
वहीं परशुराम ब्राह्मण विकास समिति, जांजगीर-चांपा ने भी शिखा त्रिवेदी को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके सफल एवं मंगलमय भविष्य की कामना की है। उक्त जानकारी उनके मामा जितेन्द्र तिवारी द्वारा दी गई।










