"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा अभियान :- 89 स्कूल बसों और वैनों की फिटनेस व सुरक्षा जांच

10 वाहन चालकों पर कार्रवाई, ₹7000 का समन शुल्क वसूला गया

KPN24.com जांजगीर-चांपा 20 जून 2026

आगामी शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ से पहले स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस एवं जिला परिवहन विभाग द्वारा पुलिस लाइन खोखरा भांठा में विशेष वाहन जांच शिविर आयोजित किया गया। इस अभियान में कुल 89 स्कूल बसों एवं वैनों की फिटनेस, सुरक्षा मानकों तथा आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में आयोजित इस संयुक्त अभियान में वाहनों का 16 बिंदुओं पर तकनीकी निरीक्षण एवं भौतिक सत्यापन किया गया।
नेत्र परीक्षण और स्वास्थ्य जांच पर विशेष जोर
शिविर में वाहन चालकों एवं हेल्परों का नेत्र परीक्षण कराया गया तथा स्वास्थ्य विभाग की विशेषज्ञ टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
10 वाहन चालकों पर कार्रवाई
जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 10 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। जिला परिवहन विभाग द्वारा ₹7000 का समन शुल्क भी वसूला गया।
इन सुरक्षा व्यवस्थाओं की हुई जांच
अधिकारियों ने वाहनों के पंजीयन प्रमाण पत्र, परमिट, बीमा, चालक लाइसेंस सहित अन्य दस्तावेजों की जांच की। इसके साथ ही सीट बेल्ट, स्पीड गवर्नर, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरा तथा फर्स्ट एड बॉक्स जैसी सुरक्षा सुविधाओं का भी परीक्षण किया गया।
अधिकारियों की दो टूक चेतावनी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत देते हुए कहा कि “स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।” उन्होंने निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने तथा नशे की अवस्था में वाहन न चलाने की सख्त सलाह दी। साथ ही चेतावनी दी कि आगामी जांचों में कमियां मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More