"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

सड़क दुर्घटनाओं पर लगेगी लगाम: – जांजगीर-चांपा पुलिस एवं पीडब्ल्यूडी विभाग की बड़ी पहल, दुर्घटना संभावित मार्गों पर सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम

KPN24.com जांजगीर-चांपा 21 जून 2026

जांजगीर-चांपा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस एवं लोक निर्माण विभाग (PWD) ने संयुक्त रूप से बड़ी पहल की है। थाना मुलमुला क्षेत्र के दुर्घटना संभावित मार्गों पर व्यापक सड़क सुरक्षा कार्य पूर्ण कराए गए हैं, जिससे आने वाले समय में सड़क हादसों पर प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद जताई जा रही है।

पूर्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार, एसडीएम अकलतरा सुमित बघेल, एसडीओ पीडब्ल्यूडी लव कुमार जायसवाल तथा थाना प्रभारी मुलमुला पारस पटेल द्वारा बनाहिल से त्रिमूर्ति चौक मुलमुला मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान सड़क पर पाई गई विभिन्न कमियों को चिन्हित करते हुए आवश्यक सुधार कार्यों के निर्देश दिए गए थे तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु पत्राचार भी किया गया था।
पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह अभियान संचालित किया गया। थाना प्रभारी मुलमुला पारस पटेल के नेतृत्व में पीडब्ल्यूडी विभाग के समन्वय से दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा संबंधी आवश्यक कार्य पूर्ण किए गए हैं।

स्पीड ब्रेकर निर्माण
वाहनों की अनियंत्रित गति पर अंकुश लगाने हेतु कुल 6 स्थानों पर 7 मीटर लंबाई के स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं।
बनाहिल – 2 स्थान
नरियारा – 3 स्थान
मुलमुला – 1 स्थान
डेलिनेटर स्थापना
अंधे मोड़ों एवं जोखिम वाले क्षेत्रों में वाहन चालकों को स्पष्ट मार्गदर्शन देने के लिए बनाहिल से त्रिमूर्ति चौक मुलमुला मार्ग तक सड़क किनारे 70 डेलिनेटर लगाए गए हैं।
हैजार्ड मार्कर स्थापना
पुलों एवं संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से 8 स्थानों पर हैजार्ड मार्कर लगाए गए हैं, जिससे रात्रिकाल एवं खराब मौसम में वाहन चालकों को अतिरिक्त सहायता मिल सकेगी।
चेतावनी एवं दिशा-सूचक साइन बोर्ड
नरियारा क्षेत्र में सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए 8 स्थानों पर चेतावनी एवं दिशा-सूचक साइन बोर्ड स्थापित किए गए हैं।
जनहित में महत्वपूर्ण कदम
जांजगीर-चांपा पुलिस की इस पहल का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करना तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को अधिक सुरक्षित बनाना है। स्थानीय नागरिकों एवं वाहन चालकों ने इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे जनहित में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय कदम बताया है।
जांजगीर-चांपा पुलिस की अपील
“सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। वाहन चलाते समय गति सीमा का पालन करें, यातायात नियमों का सम्मान करें और स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें।”

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More