
उधारी के पैसे मांगना पड़ा भारी, वीडियो हटाने के लिए घर में घुसकर किया हमला
KPN24.com जांजगीर-चांपा 20 जून 2026
थाना पामगढ़ पुलिस ने घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को कानून के शिकंजे में ले लिया।
सिगरेट और राजश्री के पैसे मांगने पर भड़के आरोपी
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भैंसो निवासी मुकेश लहरे ने थाना पामगढ़ में शिकायत दर्ज कराई कि 14 जून 2026 की सुबह चंडीपारा निवासी आकाश जायसवाल उर्फ आगा अपने साथियों के साथ उसकी दुकान पर पहुंचा। आरोपियों ने पांच पैकेट सिगरेट एवं दस नग राजश्री लेकर भुगतान करने से इनकार कर दिया। जब दुकानदार ने पैसे मांगे तो आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। इस दौरान प्रार्थी ने घटना का वीडियो बना लिया, जिससे आरोपी और अधिक आक्रोशित हो गए।
वीडियो हटाने के लिए घर में घुसकर किया हमला
कुछ समय बाद आरोपी पाइप और डंडों से लैस होकर दोबारा दुकान पहुंचे। उन्होंने पहले वीडियो हटाने का दबाव बनाया और फिर दुकानदार के साथ मारपीट शुरू कर दी। जान बचाने के लिए जब प्रार्थी घर के भीतर भागा तो आरोपी जबरन घर में घुस गए और वहां भी मारपीट करते हुए वीडियो न हटाने पर जान से मारने की धमकी दी।
पामगढ़ पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया—
• आकाश जायसवाल उर्फ आगा (28 वर्ष)
• विकास यादव उर्फ मुक्कु (21 वर्ष)
• विशाल मरकाम उर्फ रिंकू सिदार (26 वर्ष)
• सूरज कश्यप उर्फ गोलू (23 वर्ष)
• संजय कश्यप (26 वर्ष)
एसपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, उपनिरीक्षक सरोज पाटले, प्रधान आरक्षक रामलाल मार्कण्डेय, आरक्षक नवीन रात्रे, श्याम ओग्रे, सैनिक चंद्रशेखर प्रधान सहित थाना पामगढ़ स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










