
KPN24.com रायपुर 26 जून 2026
छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घोषणा करते हुए बताया कि यूसीसी के प्रारूप और विभिन्न पहलुओं के अध्ययन के लिए रिटायर्ड जज मैडम देसाई की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति का गठन कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समिति प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेगी तथा समाज के सभी वर्गों, सामाजिक संगठनों, विधि विशेषज्ञों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से व्यापक संवाद कर उनके सुझाव प्राप्त करेगी। सभी पक्षों का अध्ययन और विचार-विमर्श करने के बाद समिति अपनी विस्तृत रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट किया कि समिति की रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत आवश्यक निर्णय लेकर छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सभी वर्गों की सहभागिता के साथ पारदर्शी, न्यायसंगत एवं व्यापक सहमति पर आधारित व्यवस्था तैयार करना है।
सरकार के इस निर्णय को प्रदेश में कानून व्यवस्था, समान अधिकार और न्यायपूर्ण नागरिक व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें समिति की रिपोर्ट और उसके आधार पर सरकार द्वारा लिए जाने वाले आगामी निर्णयों पर टिकी हैं।










