
मनीष विद्यार्थी सेंधवा मध्यप्रदेश
KPN24.com सेंधवा मध्यप्रदेश 26 जून 2026
सेंधवा के बीजापुरी क्षेत्र में किसानों को आधुनिक खेती से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। यस फाउंडेशन के वित्तीय सहयोग तथा एनएम सद्गुरु वाटर एंड डेवलपमेंट फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से सेंधवा तहसील के 20 गांवों में “कृषि सुधार एवं किसान आय वृद्धि” कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है।
इस महत्वाकांक्षी अभियान के तहत किसानों को आधुनिक एवं उन्नत कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्हें ड्रिप (टपक) सिंचाई, टमाटर एवं अन्य सब्जी फसलों की वैज्ञानिक खेती, तथा मोटे अनाज (मिलेट्स) के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य किसानों को जल संरक्षण एवं जल प्रबंधन के प्रति जागरूक बनाना है। इसके अंतर्गत जल उपयोग दक्षता, बेहतर सिंचाई प्रबंधन तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर विशेष बल दिया जा रहा है, ताकि कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त हो सके।
इस पहल से क्षेत्र के किसान आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर आत्मनिर्भरता, अधिक उत्पादकता तथा स्थायी आय वृद्धि की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। यह कार्यक्रम ग्रामीण कृषि विकास और किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावी एवं प्रेरणादायी कदम साबित हो रहा है।










