
KPN24.com रायपुर 26 जून 2026
छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के अधोसंरचना विकास को नई दिशा देने की बड़ी पहल करते हुए छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के नए लोगो का भव्य विमोचन किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अब मंडल केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अधोसंरचना विकास के माध्यम से प्रदेश की प्रगति को नई गति देगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों में मंडल ने 7,388 परिसंपत्तियों के विक्रय से 1,532 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित कर आर्थिक मजबूती हासिल की है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराना है और इसी दिशा में प्रधानमंत्री आवास योजना सहित कई योजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि “पूंजीगत व्यय करने वाले विभागों को सक्षम बनाकर प्रदेश के विकास को गति देना हमारी इकोनॉमिक फिलॉसफी है।” उन्होंने बताया कि विभाग में व्यापक प्रशासनिक सुधार किए गए हैं, जिससे अधोसंरचना विकास को नई रफ्तार मिलेगी।
कार्यक्रम में वर्ष 2025 के आवास मेले के लकी ड्रा विजेताओं को कार, स्कूटी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एलईडी टीवी सहित कई आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही नए लोगो के डिज़ाइनर अंशुल कश्यप को ₹2.50 लाख की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।










