
शांति, सौहार्द और सुरक्षा व्यवस्था में निभाई अहम भूमिका, लालबाग थाना प्रभारी ने प्रशस्ति-पत्र देकर किया सम्मानित
मनीष विद्यार्थी बुरहानपुर मध्यप्रदेश
KPN24.com बुरहानपुर मध्यप्रदेश 28 जून 2026
मोहर्रम पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले स्पेशल पुलिस ऑफिसर (एसपीओ) को सम्मानित किया गया। शहर के लालबाग थाना प्रभारी अमित सिंह जादौन ने मोहर्रम ड्यूटी में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले एसपीओ साथियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनके समर्पण, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
मोहर्रम जैसे संवेदनशील पर्व पर एसपीओ ने पुलिस प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य किया। उन्होंने ताजिया जुलूस के मार्गों, संवेदनशील स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की महत्वपूर्ण जानकारियां पुलिस तक पहुंचाईं। इसके साथ ही स्थानीय नागरिकों से बेहतर समन्वय स्थापित कर शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे का वातावरण बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एसपीओ ने ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराई, जिससे संभावित घटनाओं पर समय रहते नियंत्रण संभव हो सका। वहीं यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस एवं प्रशासन का सक्रिय सहयोग कर अपनी जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
थाना प्रभारी अमित सिंह जादौन ने सम्मान समारोह के दौरान कहा कि समाज में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में एसपीओ का योगदान अत्यंत सराहनीय है। उनके समर्पण और सेवाभाव से पुलिस व्यवस्था को मजबूती मिली है। उन्होंने सभी सम्मानित एसपीओ को भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता और उत्साह के साथ जनसेवा में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।










