"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

साइबर ठगी पर खरगोन पुलिस का बड़ा प्रहार, दो पीड़ितों को लौटाए ₹74,956

मनीष विद्यार्थी खरगोन मध्यप्रदेश।

KPN24.com खरगोन मध्यप्रदेश 29 जून 2026

साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए खरगोन पुलिस की साइबर सेल ने “SAFE CLICK–2.0” अभियान के तहत दो अलग-अलग साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई कर पीड़ितों की कुल ₹74,956 की ठगी गई राशि सफलतापूर्वक वापस दिलाई।

यह कार्रवाई साइबर अपराध के विरुद्ध पुलिस की सतर्कता और आमजन के हितों की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में SAFE CLICK–2.0 अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत लोगों को साइबर ठगी के नए-नए तरीकों की जानकारी देकर उनसे बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं, वहीं प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा के निर्देशन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। साथ ही ऑनलाइन साइबर फ्रॉड की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जा रहा है।
केस-1 : शादी डॉट कॉम के नाम पर ठगी
थाना कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि Shadi.com के माध्यम से उसकी एक युवक से पहचान हुई। आरोपी ने विदेश से महंगे उपहार भेजने का झांसा देकर कस्टम ड्यूटी के नाम पर अलग-अलग किश्तों में रकम जमा करवाई और साइबर ठगी को अंजाम दिया।
केस-2 : ऑनलाइन निवेश का झांसा
दूसरे मामले में ग्राम बरूड के एक व्यक्ति को टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से अधिक मुनाफे का लालच देकर ऑनलाइन निवेश के लिए प्रेरित किया गया और उससे ठगी कर ली गई।
दोनों मामलों की जांच में पहला प्रकरण मैट्रिमोनियल स्कैम तथा दूसरा ऑनलाइन ट्रेडिंग स्कैम पाया गया। साइबर सेल ने तत्काल शिकायतों को NCRP पोर्टल पर दर्ज कर संबंधित बैंक खातों को होल्ड कराया। आवश्यक वैधानिक एवं न्यायालयीन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद दोनों शिकायतकर्ताओं को क्रमशः ₹28,534 एवं ₹46,422, कुल ₹74,956 की राशि वापस दिलाई गई।
खरगोन पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर धनराशि ट्रांसफर न करें। ऑनलाइन निवेश, मैट्रिमोनियल वेबसाइट, सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से मिलने वाले आकर्षक ऑफर और अधिक मुनाफे के लालच से सतर्क रहें। यदि किसी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होती है तो तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in⁠� पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते राशि सुरक्षित कराई जा सके।
इन अधिकारियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस सफल कार्रवाई में साइबर सेल से उपनिरीक्षक दीपक तलवारे, आरक्षक अभिलाष, सोनू, मगन एवं सचिन तथा थाना कोतवाली से साइबर डेस्क कर्मी पूजा पवार एवं थाना बरूड से साइबर डेस्क कर्मी जितेश सोलंकी का विशेष योगदान रहा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More