"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले – संत कबीर की राह पर चलकर ही समरस और सशक्त समाज का होगा निर्माण

KPN24.com रायपुर 29 जून 2026

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सोनपैरी स्थित सद्गुरु कबीर आश्रम में आयोजित भव्य संत कबीर जयंती महोत्सव में आध्यात्म, समाजसेवा और जनकल्याण का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह तथा केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने संत कबीर के आदर्शों को वर्तमान समय में भी समाज और राष्ट्र के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा बताया।

सभी अतिथियों ने गुरु असंग देव का आशीर्वाद प्राप्त कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की तथा आश्रम परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
गुरु असंग देव ने अपने उद्बोधन में कहा कि संत कबीर ने समाज से पाखंड, कुरीतियों और आडंबर को समाप्त करने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उन्होंने सेवा, गौसेवा, वृक्षारोपण, ग्राम विकास और मानव कल्याण को जीवन का मूल मंत्र बताते हुए कहा कि सच्चा सुख केवल सेवा और परमार्थ में ही निहित है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी नक्सलवाद का भय था, वहां आज शांति और विकास की नई रोशनी पहुंच चुकी है।
राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने कहा कि संत कबीर का सत्य, समरसता, मानवता और सद्भाव का संदेश आज भी पूरे राष्ट्र के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि जब समाज अनेक सामाजिक और नैतिक चुनौतियों का सामना कर रहा है, तब संत कबीर की शिक्षाएं पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हो गई हैं। उन्होंने सोनपैरी कबीर आश्रम द्वारा शिक्षा, गौसेवा, जैविक खेती, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए इसे राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरणादायी प्रयास बताया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ संत कबीर की तपोभूमि है और उनके विचार आज भी समाज को प्रेम, भाईचारे और समानता का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका स्वयं का बचपन कबीरपंथी समाज के बीच बीता है, जिससे संत कबीर की वाणी का गहरा प्रभाव उनके जीवन पर पड़ा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संत कबीर ने जात-पात, छुआछूत और सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध निर्भीक होकर जनजागरण किया और समाज को नई दिशा प्रदान की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री की गारंटी के तहत प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 10 लाख से अधिक पूर्ण हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि पीएम जनमन योजना, महतारी वंदन योजना, श्रीरामलला दर्शन योजना, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से लाखों लोगों को लाभ मिल रहा है। साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की अवधि तीन माह के लिए बढ़ाई जाएगी, जिससे उपभोक्ता सरचार्ज माफी और अन्य आकर्षक प्रावधानों का लाभ लेकर अपने लंबित बिजली बिलों का आसानी से भुगतान कर सकेंगे।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि संत कबीर की वाणी ने समाज को पाखंड और सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध जागृत किया। उन्होंने वृक्षारोपण को आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी बताते हुए सभी से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि गुरु ही मनुष्य को सत्य और ईश्वर तक पहुंचने का मार्ग दिखाते हैं। यदि संत कबीर के सत्य, सेवा और सादगी के विचारों को जीवन में अपनाया जाए तो समाज और राष्ट्र दोनों का कल्याण सुनिश्चित है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक इंद्र कुमार साहू, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, गौसेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर पटेल, छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, अखिलेश सोनी सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं कबीरपंथी अनुयायी उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More