"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

बीज निगम की बड़ी लापरवाही! किसानों को थमाया घटिया प्रमाणित बीज

बीज की छंटाई में निकल रहा करगा और बदरा धान, किसान परेशान — कार्रवाई की मांग तेज

KPN24.com जांजगीर-चांपा 03 जुलाई 2026

खरीफ सीजन की शुरुआत में ही किसानों के सामने गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। किसानों का आरोप है कि बीज निगम द्वारा प्रमाणित धान बीज के नाम पर घटिया एवं मिलावटी बीज की आपूर्ति की जा रही है। बीज की छंटाई के दौरान बड़ी मात्रा में करगा और बदरा धान निकल रहा है, जिससे किसानों में भारी नाराजगी है और बीज निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

बलौदा विकासखंड के सिवनी निवासी प्रगतिशील किसान रामाधार देवांगन ने बताया कि उन्होंने जिला मुख्यालय स्थित बीज निगम से स्वर्णना सब-वन किस्म का प्रमाणित धान बीज शासकीय दर पर खरीदा था। बोरी खोलकर छंटाई करने पर उसमें बड़ी मात्रा में करगा और बदरा धान की मिलावट मिली। उनका कहना है कि वर्षों से प्रमाणित बीज का उपयोग कर रहे हैं, लेकिन इस बार की गुणवत्ता ने बीज निगम पर उनका भरोसा तोड़ दिया है।
किसानों का कहना है कि यदि खेत में करगा धान फैल गया तो पूरी फसल प्रभावित हो सकती है और कटाई के समय उसे अलग करना बेहद कठिन हो जाता है। ऐसे में खेती की लागत बढ़ने के साथ उत्पादन पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।
किसानों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि घटिया बीज की आपूर्ति की तत्काल जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, साथ ही किसानों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण प्रमाणित बीज उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनकी मेहनत और फसल दोनों सुरक्षित रह सकें।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More