
जिस साहसिक फैसले पर मिला था सम्मान, उसी फैसले की कहानी ने अब लिया चौंकाने वाला मोड़
KPN24.com जांजगीर-चांपा 10 जुलाई 2026
थाना चांपा क्षेत्र के ग्राम कोसमंदा की वह युवती, जिसने विवाह मंडप में नशे में पहुंचे दूल्हे को ठुकराकर पूरी बारात लौटा दी थी और महिला स्वाभिमान की मिसाल बन गई थी, अब उसी युवक से विवाह कर लेने के बाद फिर चर्चा में है। इस घटनाक्रम ने न केवल पूरे जिले में नई बहस छेड़ दी है, बल्कि जिला प्रशासन और पुलिस की उस पहल पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसके तहत युवती को साहसिक निर्णय का प्रतीक मानकर सम्मानित किया गया था।
बताया जा रहा है कि विवाह वाले दिन दूल्हे के शराब के नशे में होने के कारण युवती ने सिंदूर रस्म से पहले ही शादी से इनकार कर दिया था। इस फैसले की पूरे प्रदेश में सराहना हुई थी। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने स्वयं युवती को सम्मानित किया था और परिवार परामर्श केंद्र में महिला काउंसलर की जिम्मेदारी भी सौंपी थी।
15 दिन बाद बदली तस्वीर, उसी युवक के साथ लिए सात फेरे
अब जानकारी सामने आई है कि करीब 15 दिन बाद युवती ने उसी युवक से विवाह कर लिया। युवक का दावा है कि वह शराब नहीं पीता और शादी वाले दिन किसी ने उसकी कोल्ड ड्रिंक में शराब मिला दी थी, जिससे पूरी घटना गलतफहमी का शिकार हो गई।
अब उठ रहे कई सवाल
इस पूरे घटनाक्रम के बाद लोगों के बीच कई सवाल चर्चा का विषय बने हुए हैं—
क्या सम्मान देने से पहले पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की गई थी?
यदि युवक का दावा सही था, तो क्या उस समय तथ्यों की पूरी पड़ताल हुई?
यदि युवती का पहला निर्णय सही था, तो फिर इतनी जल्दी उसी युवक से विवाह क्यों हुआ?
क्या प्रशासन ने जल्दबाजी में एक घटना को प्रतीकात्मक अभियान बना दिया?
सोशल मीडिया में भी छिड़ी बहस
मामले के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। एक वर्ग युवती के व्यक्तिगत निर्णय का सम्मान करने की बात कह रहा है, वहीं दूसरा वर्ग प्रशासन द्वारा किए गए सम्मान और परामर्श केंद्र में नियुक्ति को लेकर सवाल उठा रहा है।
व्यक्तिगत निर्णय बनाम सार्वजनिक संदेश
यह भी ध्यान देने योग्य है कि विवाह करना या न करना पूरी तरह दोनों पक्षों का व्यक्तिगत निर्णय है। लेकिन जब किसी घटना को महिला सशक्तिकरण और नशामुक्ति अभियान का प्रतीक बनाकर सार्वजनिक रूप से प्रस्तुत किया जाता है, तो बाद में उसी घटना में आए बड़े बदलाव स्वाभाविक रूप से कई सवाल खड़े करते हैं। ऐसे मामलों में तथ्यों की पूरी पुष्टि और संतुलित दृष्टिकोण आवश्यक माना जाता है।










