"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

एक करोड़ का लोन दिलाने का झांसा, 10.87 लाख की ठगी!

फर्जी लोन स्वीकृति पत्र दिखाकर बैंक ग्राहक को बनाया शिकार, आरोपी इंदौर से गिरफ्तार

KPN24.com जांजगीर-चांपा 03 अगस्त 2026

यूको बैंक से एक करोड़ रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर 10 लाख 87 हजार 285 रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को चांपा पुलिस ने मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी फर्जी लोन स्वीकृति पत्र, बैंक के मोनो और फर्जी हस्ताक्षरों का इस्तेमाल कर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस चांपा लौकेश बंसल के नेतृत्व में की गई।
फर्जी लोन स्वीकृति पत्र दिखाकर जीता भरोसा
मामला शिवनगर चांपा निवासी आशुतोष अग्रवाल की शिकायत से जुड़ा है। प्रार्थी ने 16 जून 2025 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2022 में उसकी पहचान अखबार के माध्यम से कुलदीप वशिष्ठ से हुई थी। आरोपी ने स्वयं को बैंकिंग कार्यों से जुड़ा बताते हुए यूको बैंक से एक करोड़ रुपये का लोन स्वीकृत कराने का भरोसा दिलाया।
आरोपी ने लोन स्वीकृति के नाम पर पहले पांच लाख रुपये की सावधि जमा कराने और करीब पांच से छह लाख रुपये अतिरिक्त खर्च होने की बात कही। भरोसा कायम करने के लिए आरोपी ने फर्जी लोन स्वीकृति पत्र, बैंक के मोनो और फर्जी हस्ताक्षरों का सहारा लिया।
आरोपी के झांसे में आकर प्रार्थी ने एक लाख रुपये नकद, 25 हजार रुपये फोन-पे, सात लाख रुपये आरटीजीएस तथा 2 लाख 54 हजार 285 रुपये अलग-अलग किश्तों में ऑनलाइन भुगतान कर दिए। इस तरह आरोपी ने कुल 10 लाख 87 हजार 285 रुपये की ठगी को अंजाम दिया।
साइबर तकनीक से आरोपी तक पहुंची पुलिस
शिकायत के बाद थाना चांपा में अपराध क्रमांक 259/25 के तहत धारा 420 भादवि में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने साइबर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन का पता लगाया।
इसके बाद थाना चांपा की पुलिस टीम मध्यप्रदेश के इंदौर पहुंची और आरोपी कुलदीप वशिष्ठ को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर चांपा लाया गया। यहां आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
कुलदीप वशिष्ठ, पिता स्वर्गीय दिनेश वशिष्ठ, उम्र 41 वर्ष, निवासी रायपुर, वर्तमान पता महालक्ष्मी नगर, इंदौर, मध्यप्रदेश।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, प्रधान आरक्षक विवेक सिंह, आरक्षक गौरीशंकर राय, आरक्षक माखन साहू सहित थाना चांपा के समस्त पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More