
ओवरलोड और लो वोल्टेज की समस्या पर लगेगा अंकुश, करीब 200 गांवों को मिलेगी बेहतर बिजली आपूर्ति
KPN24.com रायपुर 03 अगस्त 2026
महासमुंद जिले के सांकरा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 132/33 केवी उपकेंद्र सांकरा में 40 एमवीए क्षमता के अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर का सफल ऊर्जीकरण किया गया है। इसके साथ ही उपकेंद्र की कुल स्थापित क्षमता बढ़कर 143 एमवीए हो गई है।
यह महत्वपूर्ण कार्य महज एक माह 15 दिन में पूरा किया गया। अतिरिक्त ट्रांसफार्मर के शुरू होने से क्षेत्र में लंबे समय से सामने आ रही ओवरलोड और लो वोल्टेज की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। इसका सीधा लाभ करीब 200 गांवों के उपभोक्ताओं को मिलेगा और उन्हें पहले की तुलना में अधिक गुणवत्तापूर्ण, भरोसेमंद एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध हो सकेगी।
अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर का ऊर्जीकरण सोमवार को प्रबंध निदेशक श्री राजेश कुमार शुक्ला की उपस्थिति में किया गया। इस दौरान उपकेंद्र की रिक्त भूमि पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
पीक सीजन में 96 एमवीए तक पहुंच गया था लोड
सांकरा उपकेंद्र पर पिछले वर्ष पीक लोड सीजन के दौरान करीब 96 एमवीए तक विद्युत भार दर्ज किया गया था। अधिक भार के चलते क्षेत्र में ओवरलोड और कम वोल्टेज की समस्या सामने आ रही थी। अब अतिरिक्त 40 एमवीए ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने से विद्युत भार का बेहतर प्रबंधन संभव होगा और उपभोक्ताओं को बिजली की गुणवत्ता में सुधार का लाभ मिलेगा।
यह क्षेत्र कृषि, कृषि आधारित उद्योगों और अन्य औद्योगिक गतिविधियों की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। ऐसे में बिजली व्यवस्था मजबूत होने से कृषि एवं औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
143 एमवीए हुई उपकेंद्र की कुल क्षमता
सांकरा उपकेंद्र में पहले से 40 एमवीए और 63 एमवीए क्षमता के पावर ट्रांसफार्मर स्थापित हैं। अब नए 40 एमवीए ट्रांसफार्मर के जुड़ने से उपकेंद्र की कुल क्षमता 143 एमवीए हो गई है।
सांकरा उपकेंद्र को 132 केवी सरायपाली और 132 केवी झलप पारेषण लाइनों से विद्युत आपूर्ति प्राप्त होती है। यहां से 33 केवी के 9 फीडरों के माध्यम से आसपास के क्षेत्रों में बिजली पहुंचाई जाती है। इस परियोजना पर करीब 4 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आई है।
ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में बिजली अधोसंरचना मजबूत करने पर जोर
प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह के मार्गदर्शन में प्रदेश के पारेषण नेटवर्क को योजनाबद्ध तरीके से मजबूत किया जा रहा है। आदिवासी, वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत अधोसंरचना के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सांकरा उपकेंद्र में अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकरण से क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर मुख्य अभियंता अब्राहम वर्गीश, अतिरिक्त मुख्य अभियंता आर.के. तिवारी, अधीक्षण अभियंता विक्रम मंधान, कार्यपालन अभियंता प्रशांत साहू, विंध्याचल गुप्ता, प्रदीप साहू, गौरव रघुवंशी, सहायक अभियंता राजेंद्र चौहान, सुश्री लता जगत, नारायण प्रसाद लोधी, अंकुर एवं दीपक सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।










