
पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा पर हुआ मंथन, सक्ती जिला इकाई के विस्तार के साथ नए पदाधिकारियों की घोषणा
KPN24.com बाराद्वार 10 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ सद्भाव पत्रकार संघ का संभागीय सम्मेलन गुरुवार को बाराद्वार स्थित अंबेडकर भवन में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। सम्मेलन में बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती, कोरबा सहित विभिन्न जिलों एवं विकासखंडों से बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान पत्रकारों की एकजुटता, सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों की रक्षा तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर मंथन हुआ।
इस अवसर पर सक्ती जिला इकाई के संगठन विस्तार के साथ-साथ बम्हनीडीह एवं करतला विकासखंड के ब्लॉक अध्यक्षों की घोषणा भी की गई। संगठन के विस्तार को पत्रकार हितों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद मंचासीन अतिथियों का श्रीफल, पुष्पगुच्छ, पुष्पमाला एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि आयुष शर्मा (सभापति, जिला पंचायत सक्ती), विशिष्ट अतिथि नारायण कुर्रे (अध्यक्ष, नगर पंचायत), जितेश शर्मा (उपाध्यक्ष, नगर पंचायत) सहित संगठन के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश चंद्र अग्रवाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष देवदत्त तिवारी, प्रदेश महासचिव भूपेंद्र पांडे, प्रदेश संगठन सचिव विनोद बघेल, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती सृष्टि सिंह, संगठन सचिव छोटा भाई, पूर्व जिलाध्यक्ष चित्रभानु पांडेय, नरेंद्र सोनी, आलोक सोनवानी एवं अन्य पदाधिकारी मंचासीन रहे।
मुख्य अतिथि आयुष शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार समाज और शासन-प्रशासन के बीच मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। एक गरीब और पीड़ित व्यक्ति की आवाज को प्रशासन तक पहुंचाने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यदि पत्रकार संगठन मजबूत होगा तो समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा और पत्रकारों का सम्मान भी बढ़ेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नगर पंचायत अध्यक्ष नारायण कुर्रे ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं, जबकि नगर पंचायत उपाध्यक्ष जितेश शर्मा ने पत्रकारिता को चुनौतीपूर्ण दायित्व बताते हुए पत्रकारों के साहस और समर्पण की सराहना की।
प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश चंद्र अग्रवाल सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारों की जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। कठिन परिस्थितियों में निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए सभी को संगठित होकर कार्य करना होगा। मजबूत संगठन ही पत्रकारों की आवाज को प्रभावी ढंग से शासन-प्रशासन तक पहुंचा सकता है।
सम्मेलन में पत्रकारों के सामाजिक, आर्थिक एवं व्यावसायिक हितों, सुरक्षा, संगठन विस्तार तथा भविष्य की कार्ययोजना पर भी विस्तृत चर्चा हुई। मस्तूरी, बांकीमोंगरा (कोरबा), बम्हनीडीह, जांजगीर, चांपा, बिलासपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे पत्रकारों ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा आपसी समन्वय, सहयोग और एकजुटता को मजबूत करने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त किया। बड़ी संख्या में पत्रकारों की गरिमामयी उपस्थिति और संगठनात्मक ऊर्जा ने इस संभागीय सम्मेलन को ऐतिहासिक, सफल और यादगार आयोजन बना दिया। सम्मेलन का समापन पत्रकार हितों की रक्षा, संगठन को निरंतर सशक्त बनाने तथा निष्पक्ष पत्रकारिता के संकल्प के साथ हुआ।










