"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

बस्तर गोंचा महापर्व 2026 का न्योता लेकर मुख्यमंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल, तुपकी चलाकर भगवान जगन्नाथ को दी पारंपरिक सलामी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर की 619 वर्ष पुरानी सांस्कृतिक परंपरा को बताया प्रदेश की अमूल्य धरोहर, महापर्व के सफल आयोजन के लिए दी शुभकामनाएँ

KPN24.com रायपुर 11 जुलाई 2026

बस्तर की ऐतिहासिक और गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत गोंचा महापर्व-2026 के आयोजन को लेकर शनिवार को महापर्व आयोजन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को महापर्व में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण सौंपा, जिसे स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति को शुभकामनाएँ दीं और इस ऐतिहासिक पर्व की सफलता की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर की सदियों पुरानी परंपरा का सम्मान करते हुए भगवान श्री जगन्नाथ को पारंपरिक “तुपकी” चलाकर प्रतीकात्मक सलामी दी। मुख्यमंत्री की इस सहभागिता ने गोंचा महापर्व की सांस्कृतिक गरिमा और धार्मिक आस्था को विशेष सम्मान प्रदान किया।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का जगदलपुर शहर में विद्युत तारों को अंडरग्राउंड करने के ऐतिहासिक निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया। समिति के सदस्यों ने कहा कि इस फैसले से न केवल शहर की विद्युत व्यवस्था अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित हुई है, बल्कि भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा के दौरान आने वाली तकनीकी और सुरक्षा संबंधी बाधाएँ भी पूरी तरह समाप्त हो गई हैं।
360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डे ने बताया कि समाज अपनी 619 वर्ष पुरानी गौरवशाली परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष 29 जून से 25 जुलाई 2026 तक बस्तर के ऐतिहासिक गोंचा महापर्व का आयोजन कर रहा है। उन्होंने बताया कि भगवान श्री 1008 जगन्नाथ महाप्रभु की भव्य रथयात्रा 16 जुलाई को श्री जगन्नाथ मंदिर से प्रारंभ होकर सिरहासार भवन (जनकपुरी) पहुँचेगी, जहाँ महाप्रभु विराजमान होंगे और श्रद्धालु दर्शन का लाभ प्राप्त करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर गोंचा महापर्व केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, लोक आस्था और सामाजिक एकता का भव्य प्रतीक है। राज्य सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
इस दौरान वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक किरण सिंह देव, महापर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष मुक्तेश पाण्डे सहित आयोजन समिति के अनेक पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More