"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

जांजगीर-नैला में स्वच्छता का महाअभियान: अब हर वार्ड में चलेगी सफाई की मुहिम, प्लास्टिक पर कसेगा शिकंजा

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जनप्रतिनिधियों संग बनाई रणनीति, 100% डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और कचरा पृथक्करण होगा अनिवार्य

KPN24.com जांजगीर-चांपा 11 जुलाई 2026

जांजगीर-नैला शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक अभियान छेड़ने की तैयारी कर ली है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गढ़ेवाल, उपाध्यक्ष मोहन यादव, पार्षदों एवं नगर पालिका अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर विशेष स्वच्छता अभियान की विस्तृत रणनीति तैयार की। बैठक में साफ संदेश दिया गया कि अब स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी से जनआंदोलन का रूप लेगी।

हर वार्ड में चलेगा विशेष अभियान, घर-घर पहुंचेगा स्वच्छता संदेश
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शहर के प्रत्येक वार्ड में विशेष स्वच्छता अभियान के साथ जनजागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, निर्धारित समय पर कचरा संग्रहण वाहन को ही कचरा देने तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
स्वच्छता दीदियाँ घर-घर जाकर नागरिकों को कचरा पृथक्करण के महत्व की जानकारी देंगी, ताकि स्वच्छता लोगों की आदत और जीवनशैली का हिस्सा बन सके। प्रारंभिक चरण में समझाइश और जागरूकता पर जोर रहेगा, लेकिन नियमों की अनदेखी करने वालों पर बाद में नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
100 प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण का लक्ष्य
बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर के प्रत्येक घर तक नियमित रूप से कचरा संग्रहण वाहन पहुंचे, इसके लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था विकसित की जाएगी। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत बनाने, कचरा पृथक्करण को व्यवहार का हिस्सा बनाने तथा प्रत्येक वार्ड की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।
प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने की तैयारी
कलेक्टर ने शहर के प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और दुकानों में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया। सभी दुकानों में डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा तथा उत्पन्न कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निपटान सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने व्यापारियों, नागरिकों और संस्थानों से एकल उपयोग प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद कर कपड़े अथवा जूट के थैलों को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त शहर आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण तैयार करेगा।
स्वच्छता मित्र’ होंगे सम्मानित
कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल शहर की सफाई करना नहीं, बल्कि स्वच्छता को जन-जन की आदत बनाना है। उन्होंने नगर की सफाई व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सफाई कर्मचारियों को “स्वच्छता मित्र” के रूप में सम्मानित किए जाने की घोषणा भी की।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता मित्रों की मेहनत, समर्पण और सेवा भावना के बिना स्वच्छ एवं सुंदर शहर की कल्पना संभव नहीं है। बैठक के अंत में उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए जांजगीर-नैला को स्वच्छ, सुंदर, प्लास्टिक मुक्त और आदर्श नगर बनाने का आह्वान किया।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More