
KPN24 जांजगीर-चांपा 14 जुलाई 2026
जिले के बहुप्रतीक्षित सेमरा-रिंगनी पुल के निर्माण कार्य में अब तेजी देखने को मिलेगी। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मंगलवार को निर्माणाधीन पुल का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शेष सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप शीघ्र पूर्ण कर पुल को जल्द से जल्द आम जनता के आवागमन के लिए तैयार किया जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पुल के डेक, एप्रोच एवं निर्माणाधीन हिस्सों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों से प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता न करते हुए समय-सीमा के भीतर सभी शेष कार्य पूरे किए जाएं।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में आवश्यक मानवबल, मशीनरी एवं संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि परियोजना में अनावश्यक विलंब न हो और क्षेत्रवासियों को जल्द पुल की सुविधा मिल सके।
गौरतलब है कि सेमरा-रिंगनी पुल के पूर्ण होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी तथा आसपास के गांवों की संपर्क व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता श्री ऐश्वर्य वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










