
मनीष विद्यार्थी सेंधवा मध्यप्रदेश
रोटरी क्लब ने किया सम्मान, साझा किए दुनिया की सबसे कठिन तीर्थ यात्रा के रोमांचक अनुभव
KPN24.com सेंधवा 18 जुलाई 2026
कैलाश मानसरोवर की कठिन एवं आध्यात्मिक यात्रा सफलतापूर्वक पूर्ण कर लौटे रोटरी क्लब के वरिष्ठ सदस्य राहुल गर्ग एवं गौरव तायल का रोटरी क्लब ऑफ सेंधवा द्वारा अयोध्या धाम कॉलोनी स्थित राम दरबार मंदिर में भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। पुष्पमालाओं से अभिनंदन करते हुए क्लब सदस्यों ने दोनों यात्रियों के साहस, आस्था और संकल्प की सराहना की।
यात्रा से लौटे राहुल गर्ग एवं गौरव तायल ने उपस्थित सदस्यों को कैलाश मानसरोवर यात्रा के अनुभव साझा करते हुए बताया कि यह विश्व की सबसे कठिन और चुनौतीपूर्ण धार्मिक यात्राओं में शामिल है। लगभग 15,000 से 19,000 फीट की ऊँचाई, अत्यंत कम ऑक्सीजन, कठिन पर्वतीय मार्ग और पल-पल बदलते मौसम के कारण यह यात्रा शारीरिक एवं मानसिक दोनों दृष्टियों से बेहद कठिन होती है।
उन्होंने बताया कि 5,000 मीटर से अधिक ऊँचाई पर ऑक्सीजन का स्तर सामान्य से लगभग आधा रह जाता है, जिससे यात्रियों को साँस लेने में कठिनाई, अत्यधिक थकान, सिरदर्द, चक्कर आना और उल्टी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के लिए मजबूत इच्छाशक्ति, शारीरिक तैयारी और मानसिक दृढ़ता अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लब में आकाश तायल को नए सदस्य के रूप में शामिल करते हुए उन्हें सदस्यता की शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर रोटरी क्लब अध्यक्ष कमल खंडेलवाल, सचिव प्रतीक गर्ग, प्रो. कालूराम शर्मा, पवन ठक्कर, अरविंद कुशवाह, राजेश अग्रवाल, पवन तायल, राजेश तायल, अंकुश गोयल, गोविंद गोयल, अर्पित गर्ग सहित बड़ी संख्या में रोटरी क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।










