
बम्हनीडीह विकासखंड की विभिन्न शाखाओं का किया निरीक्षण, अधिकारियों-कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का किया आह्वान
KPN24.com जांजगीर-चांपा 22 जुलाई 2026
विकासखंड बम्हनीडीह में नवपदस्थ विकासखंड शिक्षा अधिकारी बसंत चतुर्वेदी ने सोमवार को विधिवत अपना पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान विकासखंड शिक्षा अधिकारी रत्ना थवाईत ने उन्हें औपचारिक रूप से प्रभार सौंपा। पदभार ग्रहण करते ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
विकासखंड के कर्मचारियों एवं शिक्षकों ने पुष्प-गुच्छ भेंट कर नवपदस्थ बीईओ का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें नवीन दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व बसंत चतुर्वेदी ने अपने माता-पिता एवं कुल देवी-देवताओं का दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने विकासखंड शिक्षा कार्यालय पहुंचकर अपने नवीन दायित्व की शुरुआत की।
पदभार संभालने के बाद नवपदस्थ विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया और वहां संचालित कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त करते हुए विभागीय कार्यप्रणाली और विभिन्न जिम्मेदारियों को समझा।
इस अवसर पर बसंत चतुर्वेदी ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी टीम भावना, निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कर्मचारियों से बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने तथा विभागीय कार्यों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा करने का आह्वान किया।
नवीन दायित्व मिलने के बाद शिक्षा व्यवस्था में आ रही विभिन्न विषमताओं को लेकर भी उन्होंने गंभीरता व्यक्त की। उन्होंने शिक्षा विभाग से जुड़े सभी जिम्मेदार अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों से अपेक्षा जताई कि वे अपने कर्तव्यों को पूरी गंभीरता और ईमानदारी से निभाते हुए शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करेंगे।
इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा कार्यालय के अधिकारी, कर्मचारी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।










