
मनीष विद्यार्थी सेंधवा मध्यप्रदेश
उद्यमियों ने बेबाकी से रखीं समस्याएं, अंकित अग्रवाल को सेंधवा इकाई की कमान
KPN24.com सेंधवा 22 जुलाई 2026
लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष राजेश मिश्रा एवं मालवा अंचल अध्यक्ष राजेंद्र दुबे के सेंधवा प्रवास के दौरान स्थानीय उद्यमियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में उद्योग जगत से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीरता से मंथन हुआ और उद्यमियों ने अपनी समस्याएं संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से रखीं। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं सदस्यों की उपस्थिति में सामूहिक पौधारोपण के साथ किया गया।
सेंधवा इकाई का पुनर्गठन, अंकित अग्रवाल बने अध्यक्ष
प्रवास के दौरान लघु उद्योग भारती की सेंधवा इकाई का पुनर्गठन भी किया गया। सर्वसम्मति से अंकित अग्रवाल को सेंधवा इकाई का नया अध्यक्ष तथा निलेश अग्रवाल को सचिव नियुक्त किया गया। नई जिम्मेदारी मिलने पर उपस्थित सदस्यों ने दोनों पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और संगठन को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई।
कपास पर आरसीएम और बिजली के न्यूनतम शुल्क का मुद्दा गरमाया
बैठक में उद्यमियों ने कपास उद्योग से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उद्यमियों ने बताया कि कपास पर लागू रिवर्स चार्ज व्यवस्था (आरसीएम) के चलते उनकी बड़ी कार्यशील पूंजी जीएसटी में अटक रही है, जिससे उद्योगों के संचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उद्यमियों ने इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष रखी।
इस पर प्रदेश अध्यक्ष राजेश मिश्रा ने आश्वासन दिया कि इस महत्वपूर्ण विषय को जल्द ही जीएसटी परिषद के समक्ष रखा जाएगा, ताकि समस्या का शीघ्र निराकरण कराया जा सके।
इसके साथ ही मध्यप्रदेश विद्युत मंडल (एमपीईबी) द्वारा लगाए जा रहे न्यूनतम शुल्क का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठा। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन इस विषय को लेकर पहले से प्रयासरत है और संबंधित उच्च अधिकारियों के समक्ष इस मुद्दे को एक बार फिर मजबूती से रखा जाएगा।
उद्योग हित में संगठन की भूमिका पर हुई चर्चा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजेश मिश्रा ने लघु उद्योग भारती की कार्यप्रणाली, संगठन के उद्देश्यों और उद्योग जगत के हित में किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं को शासन-प्रशासन के उचित मंच तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए संगठन लगातार सक्रियता से कार्य कर रहा है।
बैठक के अंत में कपास पर कर कम कराने की दिशा में लघु उद्योग भारती के सक्रिय सहयोग एवं सफल प्रयासों के लिए सेंधवा इकाई के सदस्यों ने प्रदेश अध्यक्ष राजेश मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष सुरेश बागरेचा, सहसचिव शरद गोयल, गिरधारीलाल गोयल, नरेंद्र मित्तल, मुकेश शेखावत, शिवम जोशी, राजकुमार मंगल, हरपालसिंह छाबड़ा, हेमंत शर्मा, निलेश तायल, गोपाल गोयल सहित अन्य सदस्य एवं उद्यमी उपस्थित रहे।










