"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

बदमाशों पर पुलिस का शिकंजा और कसेगा, लागू होगी ‘एक गुंडा-एक जवान’ नीति

आईजी राम गोपाल गर्ग के मार्गदर्शन में उच्च स्तरीय कार्यशाला, सक्रिय अपराधियों पर सख्त निगरानी के निर्देश

KPN24.com बिलासपुर 22 जुलाई 2026

अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बिलासपुर रेंज पुलिस ने निवारक पुलिसिंग को प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग के मार्गदर्शन में 21 जुलाई को पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय बिलासपुर में उच्च स्तरीय ऑनलाइन बैठक एवं कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों सहित करीब 200 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
कार्यशाला में पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल ठाकुर ने गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की निगरानी और बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करने पर प्रस्तुतीकरण दिया। इस दौरान अपराधियों के वर्गीकरण, रिकॉर्ड अपडेट रखने और गंभीर अपराधियों की गैंग हिस्ट्रीशीट तैयार करने के निर्देश दिए गए।
सक्रिय बदमाशों पर निगरानी के लिए ‘एक गुंडा-एक जवान’ नीति लागू करने तथा जमानत के बाद दोबारा अपराध करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही सरप्राइज चेकिंग, बाउंड ओवर, जिला बदर और एनडीपीएस कानून के तहत कार्रवाई को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
पुलिस रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने, बीट पुलिसिंग मजबूत करने और तकनीकी माध्यमों से फरार आरोपियों की तलाश तेज करने के निर्देश भी दिए गए। वहीं, पुलिस अधिकारियों को मानवाधिकारों और न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने की हिदायत दी गई।
आईजी राम गोपाल गर्ग ने कहा कि पुलिस का लक्ष्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराध की पुनरावृत्ति रोकना और अपराध होने से पहले ही उसे रोकना होना चाहिए। उन्होंने सभी पुलिस अधीक्षकों को कार्यशाला में दिए गए निर्देशों की स्वयं निगरानी कर उनका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More