
मनीष विद्यार्थी सेंधवा मध्यप्रदेश
KPN24.com सेंधवा 22 जुलाई 2026
सेंधवा नगर की सामाजिक संस्था सबरंग द्वारा वीरांगना दुर्गावती कन्या महाविद्यालय छात्रावास, सेंधवा में राष्ट्रीय ध्वज का जन्म दिवस ससम्मान, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्रावास का वातावरण राष्ट्रप्रेम और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना से ओतप्रोत नजर आया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और उसके गौरव से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा के साथ हुई। इस अवसर पर छात्रावास की अधीक्षिका उर्मिला आर्य ने उपस्थित छात्राओं को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, गरिमा और मर्यादा को बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है, इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रध्वज का सदैव सम्मान करे।
सबरंग संस्था के संचालक अनिस शेख ने छात्राओं को राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, उसकी संरचना और उससे जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके प्रत्येक रंग और चक्र का अपना विशेष महत्व है, जो देशवासियों को राष्ट्र के प्रति समर्पण और कर्तव्य का संदेश देता है।
कार्यक्रम के दौरान सबरंग संस्था के अध्यक्ष मनोज पालीवाल ने केक काटकर राष्ट्रीय ध्वज का जन्म दिवस मनाया। इस दौरान छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उपस्थित सभी लोगों ने तिरंगे के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर छात्रावास की छात्राओं के साथ सबरंग संस्था के भगवान गायकवाड़, सुपडु जाधव एवं भरत बुद्धदेव सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय भावना को और अधिक मजबूत करना रहा।










