"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

जिलाबदर आदेश की धज्जियां उड़ाना पड़ा भारी, कोतवाली पुलिस ने दबोचा,  छह जिलों से निष्कासित होने के बावजूद जांजगीर में छिपकर रह रहा था बदमाश

पुलिस की कार्रवाई के दौरान किया विवाद, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बाद भेजा गया जेल

KPN24.com जांजगीर-चांपा 28 जुलाई 2026

जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले आदतन अपराधियों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में जिलाबदर आदेश की अवहेलना कर जांजगीर में चोरी-छिपे रह रहे एक व्यक्ति के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, शांतनु शांडेय पिता मोहित राम शांडेय, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम बिरगहनी, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा के खिलाफ पूर्व में आदतन अपराधों में संलिप्तता को देखते हुए थाना बलौदा पुलिस द्वारा जिलाबदर की कार्रवाई के लिए प्रकरण तैयार कर जिला दण्डाधिकारी जांजगीर-चांपा के समक्ष प्रस्तुत किया गया था।
प्रकरण की सुनवाई के बाद मार्च 2026 में जिला दण्डाधिकारी द्वारा शांतनु शांडेय को एक वर्ष की अवधि के लिए छह जिलों—शक्ति, रायगढ़, कोरबा, बिलासपुर, बलौदाबाजार और जांजगीर-चांपा—की सीमा से निष्कासित करते हुए इन जिलों में प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया था। आदेश की विधिवत तामील भी कराई गई थी।
इसके बावजूद पुलिस को 28 जुलाई 2026 को सूचना मिली कि जिलाबदर आदेश का उल्लंघन करते हुए शांतनु शांडेय अपनी पहचान छिपाकर जांजगीर में किराए के मकान में रह रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। कार्रवाई के दौरान पुलिस के अनुसार, संबंधित व्यक्ति द्वारा पुलिस टीम के साथ विवाद किया गया, जिसके बाद पुलिस ने उसके विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया।
इसके बाद उसे इस्तगासा तैयार कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, तहसील कार्यालय जांजगीर के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध पृथक से भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की कार्रवाई में इनका रहा विशेष योगदान
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, थाना प्रभारी चांपा, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, थाना बलौदा से प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवार तथा आरक्षक रज्जु लाल रात्रे का विशेष योगदान रहा।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिलाबदर आदेश का उल्लंघन करने वालों और कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बने आदतन अपराधियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More