"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

जेएसडब्ल्यू प्लांट में कॉपर प्लेट चोरी का खुलासा, फरार तीन आरोपियों समेत चोरी का माल खरीदने वाला गिरफ्तार

पुलिस की कार्रवाई से चोरी के मामले में बड़ा खुलासा, पूर्व में एक आरोपी भेजा जा चुका है न्यायिक रिमांड पर

KPN24.com जांजगीर-चांपा 28 जुलाई 2026

जेएसडब्ल्यू प्लांट अकलतरा में कॉपर प्लेट चोरी के मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को पकड़ने के साथ ही चोरी का सामान खरीदने वाले एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने चोरी की वारदात की कड़ियां जोड़ते हुए मामले का खुलासा कर दिया है।

दरअसल, जेएसडब्ल्यू अकलतरा में पदस्थ सुरक्षा अधिकारी ने थाना अकलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि प्लांट परिसर में पेट्रोलिंग के दौरान कुछ लोग संदिग्ध परिस्थितियों में सामान बाहर निकालते हुए दिखाई दिए। सुरक्षा टीम को अपनी ओर आता देख तीन-चार संदिग्ध मौके से भागने लगे। इसी दौरान सुरक्षा टीम ने एक आरोपी को मौके पर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जलेश्वर प्रसाद केवट (30 वर्ष), निवासी बनाहिल, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा बताया। आरोपी जेएसडब्ल्यू प्लांट में इलेक्ट्रिशियन के रूप में कार्यरत था। उसके कब्जे से छोटे-बड़े कुल 38 कॉपर के टुकड़े बरामद किए गए थे। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पूर्व में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था।
वहीं, प्रकरण में शामिल तीन अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने लगातार पतासाजी करते हुए संतोष रजक निवासी जेवरा थाना मुलमुला, दिनेश राठौर निवासी सिंघनसरा थाना सक्ती जिला सक्ती तथा गोपेश कुमार साहू निवासी तनौद थाना शिवरीनारायण को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की कॉपर प्लेट को बसंत नायक निवासी तरौद के पास बेचना बताया। पुलिस ने जब बसंत नायक के घर पर तलाशी ली तो वहां से चोरी की कॉपर प्लेट बरामद हुई। इसके बाद चोरी का सामान खरीदने के आरोप में बसंत नायक (42 वर्ष), निवासी तरौद, थाना अकलतरा को भी विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा एवं थाना अकलतरा के पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस की इस कार्रवाई से जेएसडब्ल्यू प्लांट में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के साथ-साथ चोरी का सामान खरीदने वालों पर भी शिकंजा कसने का संदेश गया है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More