"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

एचटीपीएस परिसर में गूंजा हरियाली का संकल्प, फलदार और देशी पौधों से सजेगा परिसर

एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मुख्य अभियंता एचके सिंह और पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी प्रसन्ना सोनकर ने किया पौधरोपण

KPN24.com कोरबा 30 जुलाई 2026

पर्यावरण संरक्षण और हरियाली संवर्धन की दिशा में हसदेव ताप विद्युत संयंत्र (एचटीपीएस), कोरबा पश्चिम ने एक बड़ी पहल की है। मानसून के साथ ही एचटीपीएस परिसर में पौधरोपण अभियान का आगाज हुआ, जहां ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत फलदार और स्थानीय प्रजातियों के सैकड़ों पौधे रोपे गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अभियंता एचके सिंह और मुख्य अतिथि पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी प्रसन्ना सोनकर ने अपने हाथों से देशी पौधा रोपकर किया। इस अवसर पर मिनी हाइडल प्लांट परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस मानसून 22,500 पौधे लगाने का संकल्प
एचटीपीएस ने इस मानसून सत्र में 22,500 पौधे रोपने का संकल्प लिया है। अभियान के तहत फलदार पौधों के साथ स्थानीय और देशी प्रजातियों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि परिसर में हरियाली बढ़ने के साथ पर्यावरणीय संतुलन को भी मजबूती मिल सके।
‘प्रकृति से जो मिला, उसे लौटाने का प्रयास’
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी प्रसन्ना सोनकर ने कहा कि पौधे लगाना कोई नया कार्य नहीं है। प्रकृति ने हमें जो दिया है, उसे ही वापस लौटाने का हमारा प्रयास है। उन्होंने पौधरोपण को पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जोड़ते हुए अधिक से अधिक लोगों से हरित अभियान में भागीदारी की अपील की।
इस अवसर पर औद्योगिक वृक्षारोपण मंडल कोरबा के मंडल प्रबंधक दिवाकर पाठक, अतिरिक्त मुख्य अभियंता एमके गुप्ता, आरके पांडे, पीके जोशी, केएनबी राव, एसके नायर, एससी पाठक, परियोजना प्रबंधक एसके पंड्या, वरिष्ठ मुख्य रसायनज्ञ एके कुरनाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधे रोपे।
कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन अतिरिक्त मुख्य अभियंता एसके नायर ने दिया। कार्यक्रम का समन्वय अधीक्षण अभियंता राजेश बंजारा ने किया, जबकि संचालन सहायक प्रबंधक (पर्यावरण) विकास उइके ने किया।
एचटीपीएस का यह अभियान न केवल परिसर को हराभरा बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को भी मजबूती से दर्शाता है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More