
मनीष विद्यार्थी खरगोन मध्यप्रदेश
KPN24.com खरगोन 30 जुलाई 2026
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर खरगोन में मानव सेवा की एक अनूठी और सराहनीय पहल का शुभारंभ हुआ। ‘श्री श्याम रसोई चलित भंडारा’ के प्रथम दिन जरूरतमंद, गरीब और असहाय लोगों को श्रद्धाभाव के साथ निःशुल्क भोजन वितरित किया गया। सेवा के इस संकल्प का उद्देश्य यही है कि शहर में कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति भूखा न रहे।
आयोजक प्रदीप कुमार गांगले ने बताया कि ‘श्री श्याम रसोई चलित भंडारा’ अब प्रत्येक शनिवार नियमित रूप से संचालित किया जाएगा। चलित भंडारे के माध्यम से खरगोन शहर के विभिन्न प्रमुख धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचकर गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह पहल महज भोजन वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि मानव सेवा, सामाजिक संवेदना और जिम्मेदारी की दिशा में एक निरंतर प्रयास है। सेवा कार्य को आगे बढ़ाते हुए अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक पहुंचने और उन्हें भोजन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
‘खाने वाला श्याम, खिलाने वाला श्याम’ और ‘मानव सेवा ही माधव सेवा है’ की पवित्र भावना के साथ शुरू हुई यह पहल निश्चित रूप से खरगोन में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की एक नई मिसाल कायम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हर शनिवार चलने वाली यह सेवा जरूरतमंदों के लिए भोजन के साथ-साथ समाज में मानवता और करुणा का संदेश भी पहुंचाएगी।










