
मनीष विद्यार्थी सेंधवा मध्यप्रदेश
अवैध आग्नेयास्त्र बनाने और बेचने के मामले में पुलिस को थी तलाश, घर से दबोचा गया आरोपी
KPN24.com सेंधवा 1 अगस्त 2026
अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सेंधवा ग्रामीण पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने एक वर्ष से फरार चल रहे ₹2 हजार के इनामी स्थायी वारंटी को उसके गांव स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अवैध आग्नेयास्त्र बनाने एवं बेचने के मामले में लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतवंतसिंह पिता महेन्द्रसिंह सिकलीकर, उम्र 23 वर्ष, निवासी उण्डीखोदरी, थाना पलसूद के रूप में हुई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा ₹2 हजार का नगद इनाम घोषित किया गया था।
ग्रामीण पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय सेंधवा में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में ग्रामीण थाना प्रभारी ओ.पी. सिंह चौंगड़े, उपनिरीक्षक संजीव पाटील, आरक्षक पंकज पुरोहित, लालसिंह नार्वे एवं चालक प्रधान आरक्षक राकेश रघुवंशी की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों और अपराधियों में हड़कंप की स्थिति है।










