
बिर्रा पुलिस ने तस्करी के नेटवर्क पर कसा शिकंजा, दो महिलाएं भी गिरफ्तार; गांजा परिवहन में प्रयुक्त कार और पायलटिंग कर रही मोटरसाइकिल जब्त
KPN24.com जांजगीर-चांपा 01 अगस्त 2026
जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना बिर्रा पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश करते हुए 2 महिलाओं सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 26 किलो 800 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत 13 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है, बरामद किया है। इसके साथ ही गांजा परिवहन में प्रयुक्त एक कार और कार की पायलटिंग कर रही एक मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस के अनुसार, 01 अगस्त को थाना बिर्रा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भटगांव की ओर से महानदी पुल पार कर बसंतपुर की तरफ एक कार में अवैध रूप से गांजा ले जाया जा रहा है। बताया गया कि एक मोटरसाइकिल सवार कार की पायलटिंग करते हुए आगे-आगे चल रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और संदिग्ध मोटरसाइकिल तथा कार को रोककर उसमें सवार आरोपियों को हिरासत में लिया। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान अलग-अलग पैकेटों में रखा कुल 26 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने गांजा, कार और पायलटिंग में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया। मामले में थाना बिर्रा में अपराध क्रमांक 99/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
विजय बघेल, पिता शिवशंकर बघेल, उम्र 22 वर्ष, निवासी ओडेकेरा, थाना जैजैपुर।
उत्तम चन्द्रा, पिता यादराम चन्द्रा, उम्र 41 वर्ष, निवासी जैजैपुर, थाना जैजैपुर।
भूरीबाई बघेल, पति ऋषि कुमार बघेल, उम्र 55 वर्ष, निवासी देवरहटा, थाना हसौद, जिला सक्ती।
सव्या शर्मा, पति पद्मलोचन शर्मा, उम्र 28 वर्ष, निवासी पदमपुर रोड, सरायपाली, थाना सरायपाली, जिला महासमुंद।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पीएसआई शामेष, एएसआई रामप्रसाद बघेल, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र टंडन, आरक्षक अर्जुन यादव, चंद्रशेखर ओगरे एवं वीरेंद्र कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बिर्रा पुलिस की इस कार्रवाई से गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि जब्त गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां खपाने की तैयारी थी।










