
पोस्ट ऑफिस एजेंट ने जमा राशि खाते में डालने के बजाय शेयर ट्रेडिंग में लगाने की बात कबूली, चांपा पुलिस ने किया गिरफ्तार
KPN24.com जांजगीर-चांपा 11 अगस्त 2026
पोस्ट ऑफिस में आरडी खाता खुलवाकर हर महीने रकम जमा कराने का भरोसा दिलाने और बाद में वही राशि खातों में जमा नहीं करने के मामले में चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पोस्ट ऑफिस एजेंट कृष्णकांत गुप्ता उर्फ कांतु (39 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी द्वारा करीब 150 खाताधारकों की 1 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खातों में जमा नहीं करने की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने खाताधारकों से ली गई रकम को कथित तौर पर ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग ऐप के माध्यम से निवेश किया। मामले में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और चेकबुक जब्त किए हैं। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
₹1.21 लाख लिए, खाते में जमा किए सिर्फ ₹21 हजार
मामले का खुलासा चांपा निवासी हेमंत कुमार देवांगन की शिकायत के बाद हुआ। शिकायत के अनुसार कृष्णकांत गुप्ता उर्फ कांतु और उसकी मां लक्ष्मी गुप्ता पोस्ट ऑफिस चांपा में एजेंट के रूप में कार्य करते थे। आरोपी ने अधिक लाभ का भरोसा दिलाकर प्रार्थी का आरडी खाता खुलवाया और नियमित रूप से राशि जमा करने के नाम पर रकम लेता रहा।
प्रार्थी से 1 सितंबर 2022 से 12 फरवरी 2026 तक कुल ₹1,21,200 जमा करने के नाम पर लिए गए। रकम की प्रविष्टि डायरी में भी की जाती थी। लेकिन जब पोस्ट ऑफिस से खाते की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली गई तो खाते में केवल ₹21,000 जमा होना पाया गया।
इस तरह ₹1,00,200 खाते में जमा नहीं किए जाने का मामला सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
एक शिकायत से खुला बड़े गबन का राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चांपा में अपराध क्रमांक 430/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5), 318(3) एवं 3(5) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी कृष्णकांत गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने प्रार्थी की रकम खाते में जमा न करने की बात स्वीकार की। इसके बाद जांच आगे बढ़ी तो करीब 150 खाताधारकों की 1 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खातों में जमा नहीं किए जाने की जानकारी सामने आई।
खाताधारकों की रकम शेयर ट्रेडिंग में लगाने की बात
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर खाताधारकों से प्राप्त रकम को ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने की बात बताई है। पुलिस ने मामले से जुड़े तीन मोबाइल फोन, पासबुक और चेकबुक जब्त किए हैं। पुलिस अब प्रकरण से जुड़े अन्य वित्तीय लेन-देन और खाताधारकों से संबंधित जानकारी की जांच कर रही है।
एसपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, भापुसे के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक भवानी सिंह चौहान, सहायक उपनिरीक्षक भुवनेश्वर राठौर, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक रूकसाना बानो, आरक्षक ईश्वरी राठौर, मुद्रिका दुबे सहित थाना चांपा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










