"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

मुलमुला में डामर प्लांट से केबल वायर चोरी का खुलासा, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

75 हजार रुपये कीमत का चोरी का केबल वायर बरामद — विधि से संघर्षरत बालक भी वारदात में शामिल

KPN24.com जांजगीर-चांपा 12 अगस्त 2026

मुलमुला थाना क्षेत्र के बनाहिल स्थित लड्डू गोपाल राइस मिल परिसर के डामर प्लांट से केबल वायर चोरी के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस ने चोरी गए करीब 75 हजार रुपये कीमत के केबल वायर बरामद किए हैं।

चौकीदार की सूचना पर हरकत में आई पुलिस
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी मुकेश केडिया ने थाना मुलमुला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे राइस मिल के चौकीदार ने फोन कर सूचना दी कि कुछ लोग मिल परिसर स्थित डामर प्लांट के कार्यालय में चोरी करने के इरादे से घुसे हैं।
सूचना मिलते ही मुलमुला पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुराग जुटाते हुए संदिग्धों की तलाश तेज कर दी।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, दो संदेही पकड़े गए
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस टीम ने बनाहिल चौक के पास घेराबंदी कर संदेही प्रकाश केवट उर्फ गबरू केवट तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान प्रकाश केवट उर्फ गबरू केवट ने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रकाश केवट उर्फ गबरू केवट, उम्र 19 वर्ष, निवासी बनाहिल, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 316/2026 दर्ज करते हुए धारा 331(4), 305(1) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरे मामले के त्वरित खुलासे में थाना प्रभारी मुलमुला निरीक्षक पारस पटेल, सहायक उपनिरीक्षक नजीर हुसैन, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, रुद्र कश्यप सहित थाना मुलमुला पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More