
KPN24.com बिलासपुर 13 अगस्त 2026
स्वतंत्रता दिवस से पहले बिलासपुर में राष्ट्रभक्ति का उत्साह चरम पर पहुंचने वाला है। देश की आन, बान और शान तिरंगे को हर घर और हर दुकान तक पहुंचाने के उद्देश्य से बिलासपुर सराफा एसोसिएशन ने अनूठी पहल की है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “हर घर तिरंगा” आह्वान से प्रेरित होकर एसोसिएशन ने इस वर्ष “हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा” का संकल्प लिया है।
इस अभियान के तहत सराफा परिवार, चेंबर परिवार एवं जीन सेना के सदस्य अपने घरों और प्रतिष्ठानों के साथ-साथ गोल बाजार एवं सदर बाजार क्षेत्र के प्रत्येक घर और दुकान को तिरंगे से सजाने के लिए नागरिकों एवं व्यापारियों को प्रेरित कर रहे हैं।
कलेक्टर कार्यालय से निकलेगी तिरंगा यात्रा
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को दोपहर 1 बजे बिलासपुर कलेक्टर कार्यालय से सराफा एसोसिएशन की तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का शुभारंभ कलेक्टर संजय अग्रवाल (आईएएस) एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह (आईपीएस) द्वारा किया जाएगा।
तिरंगा यात्रा कलेक्टर कार्यालय से प्रारंभ होकर सदर बाजार पहुंचेगी। इसमें सराफा परिवार और छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज से जुड़े व्यापारी हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति के संदेश के साथ शामिल होंगे।
सांसद की तिरंगा यात्रा का होगा भव्य स्वागत
इसी दिन दोपहर 3 बजे गांधी चौक से सांसद बिलासपुर एवं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के नेतृत्व में निकलने वाली तिरंगा यात्रा का सदर बाजार में बिलासपुर सराफा एसोसिएशन एवं चेंबर परिवार द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा।
व्यापारी और सराफा परिवार तिरंगा यात्रा पर पुष्पवर्षा कर राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत माहौल में यात्रा का स्वागत करेंगे। सदर बाजार इस दौरान तिरंगे के रंग में रंगा नजर आएगा।
“तिरंगा देश की आन, बान और शान”
बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय के गौरव, सम्मान और राष्ट्रप्रेम का प्रतीक है। प्रधानमंत्री के आह्वान से प्रेरित होकर इस वर्ष सराफा परिवार ने “हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा” अभियान को व्यापक रूप देने का संकल्प लिया है।
उन्होंने व्यापारियों, नागरिकों एवं चेंबर सदस्यों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर पूरा व्यापारिक क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगना चाहिए।
अनेक सदस्य निभा रहे सक्रिय भूमिका
अभियान को सफल बनाने में छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पूर्व बिलासपुर संभाग कार्यकारी अध्यक्ष कमल सोनी, सचिव श्रीकांत पाण्डेय, दिव्यांग रौनक साव, अध्यक्ष राजेश शाह, कार्यकारी अध्यक्ष अजय सराफ सहित महेश दुबे, सूरज सोनी, नवनाथ आवले, छेदीलाल सराफ, महेंद्र शाह, दिलीप खंडेलवाल, अनिल गुप्ता, विजय शाह, पंकज पारिख, राजू पारिख, महेश सोनी, हरीश साहू, सनी सलूजा, रितेश सलूजा, प्रकाश सोनी, सज्जन सोनी, राजेश सोनी, आलोक सोनी, मनोज सोनी एवं केशव सोनी सहित अनेक सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
15 अगस्त को होगा भव्य ध्वजारोहण समारोह
सराफा एसोसिएशन की ओर से हर वर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 15 अगस्त को भव्य ध्वजारोहण समारोह भी आयोजित किया जाएगा। समारोह में मुख्य अतिथि गगन कुमार (आईपीएस), सीएसपी, सिटी कोतवाली तथा विशिष्ट अतिथि देवेश सिंह (टीआई), थाना सिटी कोतवाली उपस्थित रहेंगे।










