"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में, फुल ड्रेस रिहर्सल में दिखा देशभक्ति का जोश

कलेक्टर-एसपी ने परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

KPN24.com जांजगीर-चांपा 13 अगस्त 2026

स्वतंत्रता दिवस के भव्य जिला स्तरीय समारोह को लेकर जांजगीर-चांपा जिला प्रशासन की तैयारियां अब अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। जिला मुख्यालय जांजगीर स्थित शासकीय हाई स्कूल मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की गुरुवार को अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल सम्पन्न हुई। रिहर्सल के दौरान परेड, ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित समारोह की प्रत्येक गतिविधि का निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बारीकी से अभ्यास किया गया।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने अंतिम रिहर्सल का अवलोकन किया और समारोह स्थल पर की गई तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने मंच, बैठक व्यवस्था, ध्वजारोहण स्थल, बैरीकेटिंग, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग तथा प्रवेश एवं निकासी द्वार का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।
फुल ड्रेस रिहर्सल में दिखा समारोह का पूरा स्वरूप
अंतिम रिहर्सल के दौरान अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई। उन्होंने विधिवत ध्वजारोहण किया और इसके बाद परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त करने के साथ ही समारोह की सभी गतिविधियों का मिनट-टू-मिनट अभ्यास किया गया।
फुल ड्रेस रिहर्सल में पुलिस बल, संबंधित अधिकारी-कर्मचारी और स्कूली विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। परेड की अनुशासित कदमताल और विद्यार्थियों की भागीदारी ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के भव्य स्वरूप की झलक प्रस्तुत की।
सुरक्षा से लेकर पार्किंग तक, हर व्यवस्था पर नजर
कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने समारोह स्थल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता दी। उन्होंने बैरीकेटिंग, पार्किंग, प्रवेश एवं निकासी मार्ग तथा बैठक व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए, ताकि स्वतंत्रता दिवस के दिन किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
अधिकारियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित समारोह में शामिल होने वाली अन्य गतिविधियों की तैयारियों का भी अवलोकन किया। कार्यक्रम को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार सुचारू और गरिमापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
हर घर तिरंगा’ की दिलाई प्रतिज्ञा
अंतिम रिहर्सल के अवसर पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों, पुलिस बल और विद्यार्थियों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा प्रतिज्ञा दिलाई। इस दौरान राष्ट्रध्वज के सम्मान, देश की एकता और अखंडता के प्रति प्रतिबद्धता का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदयन बेहार, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर, एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More