
KPN24.com जांजगीर-चांपा 18 अगस्त 2026
अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह (एबीवीटीपीएस) मड़वा की आवासीय कॉलोनी पैरी विहार में सावन की हरियाली और तीज के उल्लास का रंग जमकर देखने को मिला। स्तुति महिला मंडल (जूनियर क्लब) की ओर से आयोजित हरियाली तीज उत्सव में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न मनोरंजक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती रितु रेड्डी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में अनुराधा खैरवार ने ‘सावन क्वीन’ का खिताब अपने नाम कर महफिल लूट ली। प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए हेयर स्टाइल, फ्लावर रंगोली और मटका सजावट—तीनों स्पर्धाओं में जीत दर्ज की।
कार्यक्रम के दौरान साड़ी ड्रेपिंग प्रतियोगिता में पूजा रानी देवांगन विजेता रहीं, जबकि सलाद डेकोरेशन में आरती निषाद ने प्रथम स्थान हासिल किया। विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभागियों ने रचनात्मकता और हुनर का शानदार परिचय दिया।
प्रतियोगिता में शामिल अन्य प्रतिभागियों का भी उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती रितु रेड्डी के हाथों सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। इससे आयोजन का माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया।
हरियाली तीज के इस आयोजन को सफल बनाने में महिला मंडल की सचिव सीमा देवांगन, क्रीड़ा सचिव अनुराधा खैरवार सहित पूजा रानी देवांगन, मीरा सिंह, आरती सिंह, सुनीता मरकाम, आरती निषाद, सरोजिनी साहू और मनीषा मिरे ने सक्रिय भूमिका निभाई।










