"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

जशपुर की पहचान को नई उड़ान देगा ‘जशपुर : एक परिचय’

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया पुस्तक का विमोचन, इतिहास से विकास तक समेटी गई जशपुर की पूरी तस्वीर

Kpn24.com रायपुर 24 अगस्त 2026

जशपुर की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति, प्रशासनिक बदलाव और विकास यात्रा अब एक पुस्तक के रूप में दस्तावेजबद्ध हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय लोक प्रशासन संस्थान, नई दिल्ली द्वारा प्रकाशित ‘जशपुर : एक परिचय’ पुस्तक का विमोचन किया।

पुस्तक में जशपुर के इतिहास, प्रशासन, सुशासन, सामाजिक-आर्थिक बदलाव, जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक संपदा और विकास की संभावनाओं का समग्र अध्ययन प्रस्तुत किया गया है। आजादी के बाद से वर्तमान तक जिले की प्रशासनिक व्यवस्था में हुए बदलावों और विकास यात्रा को भी इसमें दर्ज किया गया है।
‘जशपुर की विशिष्ट पहचान देश-दुनिया तक पहुंचेगी’
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जशपुर प्रकृति, संस्कृति और परंपराओं की समृद्ध विरासत वाला क्षेत्र है। पहाड़, जंगल, जलप्रपात, नदियां और जनजातीय जीवन इसकी अलग पहचान बनाते हैं। ऐसे में जिले की विकास यात्रा और प्रशासनिक अनुभवों को पुस्तक के रूप में सामने लाना सराहनीय पहल है।
उन्होंने कहा कि कृषि, वनोपज, पर्यटन, स्थानीय उत्पादों तथा महिला और युवा उद्यमिता को बढ़ावा देकर जशपुर की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती दी जा सकती है। विकास के साथ प्रकृति और संस्कृति का संरक्षण भी जरूरी है।
प्रशासन और विकास के लिए बनेगी संदर्भ सामग्री
भारतीय लोक प्रशासन संस्थान के राष्ट्रीय अभियान के तहत छत्तीसगढ़ क्षेत्रीय शाखा ने प्रदेश के 33 जिलों में से जशपुर का व्यापक अध्ययन किया। पुस्तक में सरकारी विभागों से प्राप्त आंकड़ों, जनगणना और विभिन्न आधिकारिक दस्तावेजों के आधार पर जिले की समग्र तस्वीर प्रस्तुत की गई है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ‘जशपुर : एक परिचय’ प्रशासकों, नीति-निर्माताओं, शोधार्थियों और विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण संदर्भ ग्रंथ बनेगी तथा जशपुर के भविष्य के विकास की दिशा तय करने में उपयोगी साबित होगी।
विमोचन अवसर पर भारतीय लोक प्रशासन संस्थान की छत्तीसगढ़ क्षेत्रीय शाखा के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्य सचिव सुयोग्य कुमार मिश्रा, उपाध्यक्ष डॉ. इंदिरा मिश्रा तथा उपाध्यक्ष एवं राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More