
Kpn24.Com रायपुर 24 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि श्रमिक परिवारों के बच्चे पढ़-लिखकर आगे बढ़ेंगे, तभी विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत का सपना साकार होगा। वे राजधानी रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक प्रदेश के विकास की मजबूत नींव हैं। उनके बच्चों को बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर देना सरकार की प्राथमिकता है। अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत श्रमिकों के प्रतिभावान बच्चों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक प्रतिष्ठित निजी आवासीय विद्यालयों में निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है।
योजना का विस्तार करते हुए इस वर्ष 200 बच्चों को इसका लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने शिक्षा, खेल और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया और उनसे संवाद कर बड़े सपने देखने, मेहनत करने तथा देश-प्रदेश की सेवा का संकल्प लेने की अपील की।
1.45 लाख श्रमिकों को 39.67 करोड़ से अधिक की सहायता
कार्यक्रम के दौरान 1 लाख 45 हजार 841 श्रमिकों के खातों में 39 करोड़ 67 लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई। श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि श्रमिकों के लिए 67 कल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं और पिछले ढाई वर्षों में 774 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता सीधे श्रमिकों के खातों में पहुंचाई गई है।
बच्चों के साथ बैठकर किया भोजन
कार्यक्रम का सबसे आत्मीय क्षण तब रहा, जब मुख्यमंत्री श्री साय ने श्रमिक परिवारों के बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया। उन्होंने बच्चों से उनके सपनों, पढ़ाई और भविष्य को लेकर बातचीत की तथा अपने जीवन के अनुभव साझा किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक परिस्थितियां किसी प्रतिभावान बच्चे के सपनों के रास्ते में बाधा नहीं बननी चाहिए। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने का समान अवसर मिले।










