"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

बाबा कर्मेश्वर धाम में मुख्यमंत्री साय ने किया रुद्राभिषेक, प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए मांगा आशीर्वाद

कर्रा में मंगल भवन निर्माण की घोषणा, बोले—शक्तिपीठों को धार्मिक कॉरिडोर से जोड़कर बढ़ाएंगे धार्मिक पर्यटन

Kpn24.com बलरामपुर 26 अगस्त 2026

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के ग्राम कर्रा की पावन धरती बुधवार को शिवभक्ति से सराबोर रही। यहां आयोजित श्री महारुद्र यज्ञ एवं शिव पुराण कथा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने प्राचीन बाबा कर्मेश्वर धाम में भगवान शिव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तरोत्तर प्रगति की कामना की।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ग्राम कर्रा में मंगल भवन निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि बाबा कर्मेश्वर की कृपा से क्षेत्र निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़े, इसके लिए राज्य सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाएगी।
शक्तिपीठों को धार्मिक कॉरिडोर से जोड़ रही सरकार
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ धर्म, संस्कृति और आस्था की समृद्ध परंपराओं की भूमि है। माता कौशल्या की जन्मभूमि और प्रभु श्रीराम का ननिहाल होने के कारण प्रदेश का धार्मिक महत्व विशेष है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रमुख शक्तिपीठों को धार्मिक कॉरिडोर के रूप में जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार तथा आजीविका के नए अवसर पैदा होंगे।
50 हजार श्रद्धालुओं ने किए रामलला के दर्शन
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का भगवान श्रीराम से गहरा आत्मीय संबंध है। श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक लगभग 50 हजार श्रद्धालु अयोध्या पहुंचकर प्रभु श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं।
वहीं वरिष्ठ नागरिकों की तीर्थ यात्रा की इच्छा को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई तीर्थ दर्शन योजना के तहत देश के 19 प्रमुख तीर्थ स्थलों को शामिल किया गया है। अब तक करीब 10 हजार श्रद्धालु इस योजना का लाभ उठा चुके हैं।
बस्तर में शांति और विकास का नया दौर : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बस्तर को नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। हिंसा से प्रभावित रहे क्षेत्रों में अब शांति और विकास का वातावरण बन रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार दूरस्थ क्षेत्रों तक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि विकास का लाभ प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे प्रत्येक परिवार तक पहुंचे। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में भी विकास कार्यों को लगातार गति दी जाएगी और क्षेत्र की धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
सदियों से आस्था का केंद्र है बाबा कर्मेश्वर धाम
ग्राम कर्रा स्थित बाबा कर्मेश्वर धाम क्षेत्र की प्राचीन लोक आस्था का प्रमुख केंद्र है। स्थानीय मान्यता के अनुसार यहां विराजमान शिवलिंग प्राकृतिक रूप से प्रकट हुआ था। जनश्रुतियों में इसे लगभग नौवीं-दसवीं शताब्दी से जुड़ा बताया जाता है। पीढ़ियों से चली आ रही धार्मिक परंपराओं ने बाबा कर्मेश्वर धाम को क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान बना दिया है।
मां के नाम मुख्यमंत्री ने लगाया रुद्राक्ष का पौधा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंदिर परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत अपनी माता श्रीमती जसमनी देवी साय के नाम पर रुद्राक्ष का पौधा लगाया। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण करने का आह्वान किया।
संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी मंदिर परिसर में बेल का पौधा लगाया। इस दौरान अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी पौधरोपण किया।
कार्यक्रम में संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय, आईजी दीपक झा, सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More