
इथेनॉल के लिए गन्ना मोड़ा तो अब 10 लाख टन शक्कर आयात की नौबत क्यों? कांग्रेस ने केंद्र से मांगा जवाब
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 05 सितंबर 2026
महंगाई के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को शहीद स्मारक, कचहरी चौक के पास एक दिवसीय ‘चीनी सत्याग्रह’ आयोजित कर केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। विधायक व्यास कश्यप, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
कांग्रेस नेताओं ने शक्कर, प्याज, खाद्य तेल, पेट्रोल-डीजल सहित रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और आम जनता को महंगाई से राहत देने की मांग की।
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 2014 में आम जनता से ‘अच्छे दिनों’ का वादा किया गया था, लेकिन आज अच्छे दिन चंद उद्योगपति मित्रों के आए हैं और आम आदमी के लिए घर का बजट संभालना मुश्किल होता जा रहा है।
इथेनॉल नीति पर सरकार से सीधा सवाल
कांग्रेस ने इथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ने के उपयोग को लेकर भी केंद्र सरकार से जवाब मांगा। नेताओं ने सवाल उठाया कि यदि गन्ने का एक बड़ा हिस्सा इथेनॉल उत्पादन में इस्तेमाल किया जा रहा है और घरेलू बाजार में शक्कर की उपलब्धता प्रभावित हो रही है, तो करीब 10 लाख टन शक्कर आयात करने की नौबत क्यों आई?
कांग्रेस ने कहा कि इथेनॉल उत्पादन बढ़ाना गलत नहीं है, लेकिन सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि इससे घरेलू बाजार में शक्कर की उपलब्धता और कीमतों पर प्रतिकूल असर न पड़े। नेताओं ने सरकार से गन्ना उत्पादन, शक्कर की मांग, उत्पादन, भंडार और आयात के बीच संतुलन की नीति सार्वजनिक करने की मांग की।
‘कम चीनी खाइए, कम गाड़ी चलाइए’ समाधान नहीं
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महंगाई से परेशान जनता को ‘कम चीनी खाइए’ या ‘कम गाड़ी चलाइए’ जैसी सलाह देना समस्या का समाधान नहीं है। सरकार को जमाखोरी और कालाबाजारी पर कार्रवाई, पर्याप्त बफर स्टॉक तथा संतुलित आयात-निर्यात नीति के जरिए उपभोक्ताओं को राहत देनी चाहिए।
कांग्रेस ने दावा किया कि जुलाई 2014 में शक्कर का अखिल भारतीय औसत खुदरा मूल्य करीब 36 रुपये प्रति किलो था, जबकि 4 सितंबर 2026 को यह 61.93 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया। पार्टी ने कहा कि बढ़ती कीमतों का सीधा असर गरीब, मजदूर, किसान, कर्मचारी, छोटे व्यापारी और मध्यमवर्गीय परिवारों की क्रय शक्ति पर पड़ रहा है।
‘चीनी सत्याग्रह’ को बताया आम आदमी की लड़ाई
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन केवल शक्कर की कीमतों के खिलाफ नहीं, बल्कि आम आदमी की रसोई, आय, क्रय शक्ति और सम्मानजनक जीवन की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि महंगाई के मुद्दे पर सरकार को भाषण नहीं, बल्कि जवाबदेही और ठोस समाधान देना होगा।
कार्यक्रम को विधायक व्यास कश्यप, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, दिनेश शर्मा, विवेक सिसोदिया, भगवान दास गढ़वाल, शिशिर द्विवेदी, हरप्रसाद साहू, राइस किंग खूंटे, गौरव सिंह सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। संचालन जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष रफीक सिद्दीकी ने किया, जबकि आभार नगर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामविलास राठौर ने व्यक्त किया।










