
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 17 सितंबर 2026
अकलतरा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की चार मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पूछताछ में सामने आया कि वाहन की किस्त नहीं चुका पाने के बाद आरोपियों ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर रेलवे स्टेशन और आसपास खड़े दोपहिया वाहनों को निशाना बनाना शुरू किया था।
किस्त के दबाव में शुरू हुई चोरी, सस्ते दाम में बेचकर उड़ाते थे रुपये
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सोनू बरेठ (23) निवासी कोरबा रेलवे स्टेशन क्षेत्र और यश मानिकपुरी ने पूछताछ में चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपी सोनू ने बताया कि उसके वाहन की करीब 15 हजार रुपये की किस्त बकाया थी। इसी के बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अकलतरा रेलवे स्टेशन तथा आसपास से मोटरसाइकिल चोरी करना शुरू किया।
चोरी किए गए वाहनों को कम कीमत में बेचने के बाद मिली रकम को दोस्तों के साथ खाने-पीने और मौज-मस्ती में खर्च किया जाता था।
रेलवे स्टेशन बना चोरों का निशाना
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अकलतरा रेलवे स्टेशन के पास खड़ी आई स्मार्ट मोटरसाइकिल क्रमांक CG-11-AD-6378 चोरी की थी। इसके बाद रेलवे स्टेशन के पास दुकान के किनारे खड़ी एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG-10-BE-1646 को भी चोरी कर लिया गया।
मामले में प्रार्थी मदन मोहन सिंह की शिकायत पर अपराध क्रमांक 515/26 तथा सनी तान्द्रे की शिकायत पर अपराध क्रमांक 558/26 धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मुखबिर की सूचना से पुलिस के हाथ लगे आरोपी
विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर साइबर सेल और थाना अकलतरा की टीम ने संदेहियों को घेराबंदी कर अभिरक्षा में लिया। पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ तथा चार चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी उनके परिजनों को दी। मामला अजमानतीय होने के कारण दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इनकी रही अहम भूमिका
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय आईपीएस के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी अकलतरा निरीक्षक जयकुमार साहू, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, साइबर थाना स्टाफ तथा थाना अकलतरा के प्रधान आरक्षक वेंकट रमन पाटले, महिला प्रधान आरक्षक स्वाती गिरोलकर, आरक्षक महेन्द्र राज, शेष साहू, शैलेन्द्र राठौर और शंकर यादव का सराहनीय योगदान रहा।










