
Kpn24.com कोरबा 18 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘न्योता भोजन’ के तहत शुक्रवार को पाली विकासखंड के प्राथमिक शाला हाथीबड़ी में एक अनूठा दृश्य देखने को मिला। जब मध्याह्न भोजन के समय बच्चों की थाली में पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन परोसे गए, तो पूरा स्कूल परिसर ठेठरी-खुरमी की खुशबू से महक उठा।
मध्यान्ह भोजन नव शक्ति स्व-सहायता समूह के सौजन्य से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में बच्चों को ठेठरी, खुरमी, अनरसा (अईसा) और गर्मागर्म गुलगुला-भजिया परोसा गया। अपनी लोक संस्कृति के पारंपरिक स्वाद को स्कूल में पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।
पालकों ने भी बच्चों संग जमीन पर बैठकर खाया खाना
इस कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि सिर्फ बच्चे ही नहीं, बल्कि उनके अभिभावकों ने भी स्कूल पहुंचकर बच्चों के साथ बैठकर छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का लुत्फ उठाया। पालकों ने शासन की इस संवेदनशील पहल की जमकर तारीफ की और कहा कि इससे बच्चों का जुड़ाव अपनी संस्कृति और खान-पान से मजबूत हो रहा है।
समुदाय और शाला के बीच आत्मीय संबंध का माध्यम
कार्यक्रम के दौरान संकुल शैक्षिक समन्वयकपूनम कुमार अहीर ने ‘न्योता भोजन’ के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा:
न्योता भोजन केवल एक भोजन कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह समाज और स्कूल के बीच की दूरी को मिटाने का सशक्त माध्यम है। इससे जहां बच्चों में अपनी संस्कृति के प्रति गर्व का भाव जागृत होता है, वहीं समुदाय और शाला के बीच आत्मीय संबंध भी प्रगाढ़ होते हैं।
ये रहे मौजूद
इस गरिमामय आयोजन के दौरान शाला की प्रधान पाठक श्रीमती गीता बंजारे, संकुल समन्वयक पूनम कुमार अहीर, नव शक्ति स्व-सहायता समूह की सदस्य महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण व अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन अतिथियों व समूह की महिलाओं का आभार व्यक्त कर किया गया।










