
दो दिवसीय स्मृति समारोह का भव्य शुभारंभ, शहीद एवं स्वतंत्रता सेनानी परिवारों सहित प्रतिभाओं का सम्मान
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 18 सितंबर 2026
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं संविधान सभा के सदस्य बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल की पुण्य स्मृति में आयोजित दो दिवसीय स्मृति समारोह का शुक्रवार को सी-मार्ट परिसर, कचहरी चौक में गरिमामय शुभारंभ हुआ। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनकी प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की।
समारोह में विधायक ब्यास कश्यप, विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं शहीद परिवारों तथा बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल के परिजनों का सम्मान किया गया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, किसानों और नागरिकों को भी सम्मानित किया गया। स्कूली विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह में रंग भर दिया।
महापुरुषों का योगदान नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी
विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि ऐसे समारोह क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन के नायकों को याद करने का अवसर देते हैं। उन्होंने शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों को नमन करते हुए कहा कि उनके त्याग और संघर्ष से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है।
विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि ठाकुर छेदीलाल ने समाज में जागरूकता, समानता और एकजुटता की भावना मजबूत करने का काम किया। संविधान सभा के सदस्य के रूप में उनकी भूमिका पूरे जांजगीर-चांपा के लिए गौरव का विषय है।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि ठाकुर छेदीलाल ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान आजादी की अलख जगाने के साथ समाज को संगठित और जागरूक किया। उनके विचार और आदर्श आज भी समाज एवं नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं।
दो दिवसीय यह समारोह सी-मार्ट परिसर जांजगीर के साथ कृषि विज्ञान केंद्र, जर्वे (च) में भी आयोजित किया जा रहा है।










