
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 19 सितंबर 2026
जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के महुदा गांव में शनिवार शाम बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। अचानक बिजली चमकने और गिरने की घटना में कई ग्रामीण इसकी चपेट में आ गए। हादसे में तीन लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि तीन अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि बारिश के दौरान खेत-बाड़ी में काम कर रहे ग्रामीण पानी से बचने के लिए गांव के पास एक पेड़ के नीचे रुके थे। इसी दौरान अचानक तेज बिजली चमकी और आकाशीय बिजली गिरने से वहां मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
लोगों ने बढ़ाया मदद का हाथ
हादसे की जानकारी मिलने के बाद ग्राम पंचायत के सरपंच प्रीतेश शुक्ला व प्रवीण शुक्ला ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल बलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा मंडल अध्यक्ष नीलेश गुप्ता भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के उपचार की जानकारी ली तथा परिजनों से भी मुलाकात की।
बताए जा रहा है कि घायलों में तुलसी पटेल, रामभरोष, नरेश खैरवार की मृत्यु हो चुकी है बाकी बैसाखु खैरवार, दुलारा बाई पटेल और अहित्या पटेल (उम्र लगभग 40-50 वर्ष) के नाम सामने आए हैं। जिनकी हालात चिंताजनक बताई जा रही है हालांकि, मृतकों और घायलों की संख्या तथा नामों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित प्रशासन/स्वास्थ्य विभाग से होना बाकी है।










