
बहला-फुसलाकर ले जाने के बाद अनाचार का आरोप, पूछताछ में सामने आया मामला; आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 21 सितंबर 2026
नैला पुलिस की सक्रियता से सात माह से लापता नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पुलिस ने मामले में 20 वर्षीय आरोपी सुनील कुमार गौतम निवासी कपन, चौकी नैला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 31 जनवरी 2026 को नाबालिग बालिका के अपहरण की रिपोर्ट पर पुलिस चौकी नैला, थाना जांजगीर में धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय आईपीएस के निर्देशन में पुलिस टीम लगातार बालिका की तलाश में जुटी थी।
मुखबिर की सूचना पर मिली सफलता
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नाबालिग बालिका को आरोपी के कब्जे से सुरक्षित बरामद कर लिया।
पूछताछ में अनाचार का मामला सामने आया
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और पीड़िता के कथन के दौरान आरोपी द्वारा अनाचार किए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद प्रकरण में अनाचार एवं पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराएं जोड़ी गईं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस कार्रवाई में निरीक्षक धर्मेंद्र वैष्णव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक लक्ष्मी साहू, सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र शुक्ला, सहायक उप निरीक्षक सफी उल्लाह खान, प्रधान आरक्षक राजमणि द्विवेदी, आर.डी.के. साहू, संतोष प्रधान सहित थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।










