
अकलतरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, स्कूटी और ताला तोड़ने की लोहे की रॉड बरामद
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 25 सितंबर 2026
जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम रसेड़ा में घर का ताला तोड़कर चोरी करने पहुंचे आरोपियों में से एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घर के सदस्य अचानक मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी भागने लगे। इसी दौरान एक आरोपी को पकड़ लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्कूटी और ताला तोड़ने की लोहे की रॉड बरामद की है।
मामला ग्राम रसेड़ा का है, जहां निवासी संदीप साहू 24 सितंबर को मेन रोड स्थित अपने घर में ताला लगाकर काम से बाहर गए थे। रात में जब वे वापस लौटे तो घर के भीतर अज्ञात चोर मौजूद थे। परिवार के सदस्यों को देखते ही दोनों आरोपी भागने लगे। इसी दौरान एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान मानसिंह उर्फ रामू सिंह (22 वर्ष) निवासी ग्राम कोसमनार, थाना कोतरारोड, जिला रायगढ़, हाल मुकाम बंधवा तालाब, तोरवा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ चोरी की नीयत से घर में प्रवेश करना स्वीकार किया।
चैनल गेट और अलमारी का ताला तोड़कर घुसे थे अंदर
आरोपी के अनुसार, दोनों ने घर के सामने लगे चैनल गेट का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। इसके बाद अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे 3 हजार रुपये नकद निकाल लिए और भागने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान घर के सदस्य वापस पहुंच गए और एक आरोपी पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक CG 04 CS 5816 तथा ताला तोड़ने में इस्तेमाल लोहे की रॉड बरामद कर जब्त कर ली है।
विवेचना के दौरान आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर अकलतरा पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में उसके अन्य साथी की भूमिका को लेकर भी पुलिस की विवेचना जारी है।
कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक जय कुमार साहू, उप निरीक्षक विनोद जाटवर, प्रभारी पुलिस सहायता केन्द्र कोटमी सोनार, प्रधान आरक्षक रेमन सिंह राजपूत, आरक्षक हेमंत साहू एवं धन्नू लहरे का सराहनीय योगदान रहा।










