"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

मदकूद्वीप की विरासत को सहेजने वाले शांताराम की स्मृतियां रहेंगी अमर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अर्पित किए श्रद्धासुमन, स्मृति उद्यान का किया लोकार्पण; ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत लगाया कल्पवृक्ष

Kpn24.com रायपुर/मुंगेली 25 सितंबर 2026

ऐतिहासिक, पुरातात्विक और आध्यात्मिक महत्व के हरिहर क्षेत्र केदार मदकूद्वीप में समाजसेवी स्वर्गीय श्री शांताराम की स्मृतियों को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नमन किया। मुख्यमंत्री शुक्रवार को मदकूद्वीप पहुंचे और स्वर्गीय शांताराम के वार्षिक श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होकर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने उनकी स्मृति में निर्मित स्मृति उद्यान का लोकार्पण भी किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मदकूद्वीप की पुरातात्विक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में स्वर्गीय शांताराम का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने अपना जीवन इस क्षेत्र की सेवा, संस्कृति और विरासत को सहेजने के लिए समर्पित किया। उनके प्रयासों ने मदकूद्वीप के ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक महत्व को व्यापक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सेवा और संस्कृति को समर्पित रहा जीवन
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी क्षेत्र की पहचान केवल उसकी भौगोलिक सीमाओं से नहीं, बल्कि उसकी संस्कृति, इतिहास, परंपराओं और उन्हें सहेजने वाले लोगों से बनती है। स्वर्गीय शांताराम ऐसे ही व्यक्तित्व थे, जिन्होंने निःस्वार्थ भाव से मदकूद्वीप की सेवा की।
उन्होंने बताया कि शांताराम का योगदान केवल मदकूद्वीप तक सीमित नहीं था। बैतलपुर में शिव मंदिर निर्माण, चिकित्सा सेवाओं के विस्तार और विभिन्न सामाजिक कार्यों के साथ नवागढ़ स्थित शमी गणेश मंदिर के पुनर्निर्माण में भी उनकी उल्लेखनीय भूमिका रही।
स्मृति उद्यान बनेगा प्रेरणा का केंद्र
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वर्गीय शांताराम की स्मृति में बनाया गया उद्यान उनके सेवाभाव और सामाजिक योगदान के प्रति समाज की कृतज्ञता का प्रतीक है। यह उद्यान आने वाली पीढ़ियों को उनकी सेवा, सामाजिक दायित्व और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की प्रेरणा देता रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्राचीन धरोहरें केवल अतीत की निशानी नहीं, बल्कि हमारी पहचान और आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य विरासत हैं। इनके संरक्षण में समाज की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है।
‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत लगाया कल्पवृक्ष
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत कल्पवृक्ष का पौधा रोपित किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष जीवन और प्रकृति का आधार हैं तथा पौधरोपण के साथ उनकी देखभाल करना भी हमारी जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति और संस्कृति का संरक्षण साथ-साथ होगा, तभी समृद्ध विरासत को सुरक्षित रूप से भावी पीढ़ियों तक पहुंचाया जा सकेगा।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक रहे मौजूद
कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, मंत्री दयाल दास बघेल एवं लखन लाल देवांगन, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला एवं पुन्नू लाल मोहले सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More