
दिल्ली में CII Woman Exemplar Program 2026 में किया छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व, नवाचारपूर्ण शैक्षिक प्रोजेक्ट ने बटोरी सराहना
Kpn24.com कोरबा 27 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ के शिक्षा जगत के लिए गौरव का एक और अध्याय जुड़ गया है। कोरबा जिले के विकासखंड पाली की माध्यमिक शाला नुनेरा की शिक्षिका श्रीमती निर्मला शर्मा ने नई दिल्ली में आयोजित CII Woman Exemplar Program 2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर प्रदेश का मान बढ़ाया है।
खास बात यह रही कि देशभर से शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली केवल 5 उत्कृष्ट महिला शिक्षिकाओं का चयन इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ से एकमात्र श्रीमती निर्मला शर्मा शामिल रहीं।
नवाचार से बदली शिक्षा की तस्वीर
श्रीमती निर्मला शर्मा ने कार्यक्रम में नुनेरा क्षेत्र में किए जा रहे अपने नवाचारपूर्ण शैक्षिक प्रोजेक्ट का प्रस्तुतीकरण किया। उनके प्रोजेक्ट में बालिका शिक्षा, डिजिटल लर्निंग और विज्ञान शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए किए गए प्रयासों को प्रमुखता से रखा गया।
उन्होंने बताया कि विद्यालय में विज्ञान प्रयोगशाला और डिजिटल लर्निंग की पहल शुरू की गई, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक शिक्षा संसाधनों से जोड़ा जा सके। इसके साथ ही स्कूल छोड़ चुकी बालिकाओं को प्रेरित कर उन्हें दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और पुनः नामांकन कराने की दिशा में भी उल्लेखनीय कार्य किया गया।
स्थानीय संसाधनों से बच्चों में जगाई विज्ञान की जिज्ञासा
श्रीमती शर्मा के प्रोजेक्ट की एक खास उपलब्धि यह रही कि उन्होंने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए कम लागत वाले विज्ञान मॉडल तैयार कराए। इसका उद्देश्य बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि और जिज्ञासा विकसित करना रहा। उनके इन प्रयासों ने ग्रामीण परिवेश के विद्यार्थियों को प्रयोग आधारित सीखने का अवसर दिया।
दिल्ली में प्रस्तुतीकरण को मिली सराहना
श्रीमती शर्मा के शैक्षिक नवाचारों को इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल चुकी है। नई दिल्ली में CII Woman Exemplar Program 2026 के दौरान उनके प्रोजेक्ट के प्रस्तुतीकरण को प्रतिभागियों के साथ-साथ CII के निर्णायकों ने भी सराहा।
इस अवसर पर श्रीमती निर्मला शर्मा ने कहा कि उनका उद्देश्य हर बच्ची को समान शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराना और विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा विकसित करना है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और शिक्षा विभाग का गौरव है।
शिक्षा जगत में खुशी की लहर
श्रीमती निर्मला शर्मा की इस उपलब्धि पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी पाली, संकुल प्राचार्य, संकुल समन्वयक और समस्त शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त किया है। शिक्षा विभाग से जुड़े लोगों ने इसे संकुल नुनेरा, विकासखंड पाली और जिला कोरबा के साथ-साथ पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
राष्ट्रीय मंच पर एक ग्रामीण विद्यालय की शिक्षिका का चयन और उनके नवाचारों की सराहना यह संदेश देती है कि संसाधनों से अधिक महत्वपूर्ण शिक्षा के प्रति समर्पण, नवाचार और बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता है। श्रीमती शर्मा की यह उपलब्धि निश्चित रूप से अन्य शिक्षकों को भी नए प्रयोग और नवाचार के लिए प्रेरित करेगी।










