"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

सरदार पटेल ने सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर रखी अखंड भारत की नींव : मुख्यमंत्री साय

राष्ट्रीय एकता दिवस पर मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि, बोले—सरदार पटेल का दृढ़ संकल्प और राष्ट्रसेवा का आदर्श सदैव रहेगा प्रेरणास्रोत

Kpn24.com रायपुर 31 अक्टूबर 2026

लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइन रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने सरदार पटेल के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकीकरण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल भारतीय एकता और अखंडता के महान शिल्पकार थे। स्वतंत्रता के बाद उन्होंने अपने अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व से देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर एक सशक्त और अखंड भारत की नींव रखी। राष्ट्र निर्माण में उनका यह ऐतिहासिक योगदान सदैव स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया और सदैव राष्ट्रीय एकता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका दृढ़ संकल्प और दूरदर्शी नेतृत्व आज भी देशवासियों को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाया जा रहा है। देश विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित करते हुए विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस केवल सरदार पटेल के योगदान को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराने का भी दिन है। भारत की विविध भाषाएं, संस्कृतियां और परंपराएं हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं। सभी को एकता के सूत्र में बांधकर आगे बढ़ना ही सरदार पटेल के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
अंत में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं समृद्धि में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से एक सशक्त, समरस और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करना हमारा संकल्प होना चाहिए।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More