
खोखरा नहर पुल के पास धारदार हथियार लेकर लोगों को धमका रहा था आरोपी, पुलिस ने चाकू किया जब्त; आर्म्स एक्ट के तहत भेजा जेल
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 31 अक्टूबर 2026
शहर में धारदार हथियार लेकर आम लोगों को डराने और दहशत फैलाने वालों के खिलाफ जांजगीर पुलिस ने कार्रवाई की है। केरा रोड स्थित खोखरा नहर पुल के पास चाकू लहराकर राहगीरों को धमका रहे एक युवक को सिटी कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक चाकू बरामद कर जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर को सिटी कोतवाली पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि खोखरा नहर पुल के पास एक युवक धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा रहा है और मारने के लिए दौड़ा रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडेन यॉर्क एवं नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे को अवगत कराया गया। अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के मार्गदर्शन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान हिमांशु डहरिया उर्फ मोनू (22 वर्ष), निवासी भाटापारा जांजगीर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक नग चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता (थाना प्रभारी सिटी कोतवाली), प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर, आरक्षक संतुका खुटे एवं आरक्षक दिलीप सिंह का विशेष योगदान रहा।










