
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 14 नवंबर 2026
आस्था के प्रमुख केंद्र और ऐतिहासिक धरोहर ‘कबीर धाम’ (चांपा) की गरिमा और पवित्रता को बनाए रखने के लिए ‘महतारी सेवा समिति मानिकपुरी महिला समाज’ (जिला जांजगीर-चांपा) ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। समाज की नारी शक्ति ने परिसर में लगातार फैल रही गंदगी और असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि आस्था से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दो साल से जारी है स्वच्छता और संरक्षण की मुहिम
उल्लेखनीय है कि महतारी सेवा समिति की महिलाएं पिछले दो वर्षों से निरंतर निस्वार्थ भाव से कबीर धाम की सेवा, साफ-सफाई और संरक्षण के कार्य में जुटी हुई हैं। समिति की सदस्यों के अथक प्रयासों से धाम परिसर को संवारने का काम किया जा रहा है, लेकिन कुछ स्थानीय लोगों और असामाजिक तत्वों की लापरवाही इस मुहिम पर पानी फेर रही है।
मना करने के बावजूद बेखौफ हैं असामाजिक तत्व
समिति की पदाधिकारियों और सदस्यों ने बताया कि बार-बार समझाइश देने और मना करने के बावजूद लोग मानने को तैयार नहीं हैं। कई लोग धाम परिसर के आसपास खुलेआम कचरा फेंककर गंदगी फैला रहे हैं, तो वहीं कुछ असामाजिक तत्व इस पवित्र स्थल को शराबखोरी का अड्डा बना रहे हैं। धार्मिक स्थल पर इस तरह की हरकतों से न केवल वातावरण दूषित हो रहा है, बल्कि समाज के लोगों की धार्मिक भावनाएं भी आहत हो रही हैं।
समाज की नारी शक्ति की दो टूक चेतावनी
महतारी सेवा समिति मानिकपुरी महिला समाज ने एक स्वर में कहा है कि—”कबीर धाम हमारे मानिकपुरी समाज की अमूल्य धरोहर और अटूट आस्था का प्रतीक है। इसकी पवित्रता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। यदि बार-बार निवेदन के बाद भी लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आते हैं और हमारी आस्था को ठेस पहुँचाते हैं, तो महिला समाज चुप नहीं बैठेगा।” समिति ने प्रशासन और आम नागरिकों से भी इस पवित्र धरोहर की मर्यादा बनाए रखने में सहयोग की अपील की है, साथ ही नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की बात कही है।










